रांची। झारखंड पुलिस पिछले 2 सालों से कोरोना संक्रमण से जूझ रही है। संक्रमण से जूझने के बाद भी पुलिस ने राज्य के अलग-अलग नक्सली संगठनों के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल की है। साल 2021 के अगस्त तक झारखंड पुलिस ने अलग-अलग नक्सली संगठनों के 243 नक्सलियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। साल 2021 में ही 11 खूंखार नक्सलियों ने पुलिस के सामने हथियार डाल दिए। जबकि चार बड़े नक्सली एनकाउंटर में मारे गये। साल 2021 झारखंड पुलिस के लिए नक्सल फ्रंट पर कामयाबी बराबर साबित हो रहा है। इस वर्ष झारखंड में भाकपा माओवादियों के साथ-साथ दूसरे नक्सली संगठनों के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलताएं मिली हैं। 2021 में पुलिस ने अगस्त तक कुल 245 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। इस साल गिरफ्तार नक्सलियों में सैक सदस्य प्रद्युमन शर्मा, आजाद जैसे बड़े नाम भी शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार 2021 में अब तक तीन सबजोनल कमांडर और 12 एरिया कमांडरों को भी गिरफ्तार किया गया है। झारखंड पुलिस मुख्यालय के आंकड़ों के मुताबिक 2014 से अब तक अभियान के दौरान राज्य में कुल 3540 नक्सली गिरफ्तार हुए हैं।