टीम एबीएन, जमशेदपुर/ रांची। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र के माटकू पंचायत अंतर्गत तिलाईडीह गांव में बुधवार शाम तेज बारिश के बाद वज्रपात हो गया। इस दौरान वज्रपात की चपेट में आकर पांच लोग झुलस गये। झुलसे लोगों को अस्पताल ले जाया गया, मगर सदर अस्पताल जमशेदपुर में इलाज के दौरान दो युवकों की मौत हो गयी। दोनों युवकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। वहीं गांव में दो लोगों की मौत से शोक की लहर है। मिली जानकारी अनुसार बुधवार शाम भारी बारिश से बचने के लिए गांव के ही पांच युवक रोहित सरदार, डब्बू सरदार, शिव नाथ सरदार, दुलाल सरदार, इंद्रजीत सरदार, सोदरा सरदार सभी एक पेड़ के नीचे खड़े थे। इसी दौरान जोरदार वज्रपात हुआ, हादसे में पांचों युवक वज्रपात की चपेट में आकर झुलस गये। घटना की सूचना मिलने के बाद घायलों को विधायक संजीव सरदार के एंबुलेंस से पोटका सीएचसी एवं गंभीर रूप से घायलों को सदर अस्पताल जमशेदपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। इसी दरमियान अस्पताल में इलाज के दौरान 22 वर्षीय राहुल सरदार और 26 वर्षीय इंद्रजीत सरदार की मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलने पर पोटका के विधायक संजीव सरदार सदर अस्पताल जमशेदपुर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की। विधायक ने पीड़ित परिजनों को ढाढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।