टीम एबीएन, रांची। झारखंड के गिरिडीह जिले के झंडा मैदान से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 3 अरब रुपये से ज्यादा की योजना का उदघाटन और शिलान्यास किया। 48 योजनाओं की सौगात के साथ 5 लाख से ज्यादा लोगों के बीच 976 करोड़ रुपये की परिसंपत्ति का वितरण किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस मौके पर कहा कि आज जब आपकी योजना-आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम की दूसरी बार शुरुआत हो रही है, तो विपक्षी दल के लोग रांची में बैठक कर सरकार को कोसने में लगे हैं। हेमंत सोरेन ने कहा कि शिक्षा विभाग में बहुत जल्द 25 हजार नियुक्ति निकलने जा रही है। जैक ही नहीं सीबीएसई और आईसीएसई के टॉपरों को भी 3 लाख , 2 लाख और एक लाख की प्रोत्साहन राशि सरकार देगी। इस दौरान हेमंत सोरेन ने बाबूलाल मरांडी का नाम लिया बगैर जमकर निशाना साधा। हेमंत सोरेन ने कहा कि एक कुछ लोग अघोषित विधायक दल ने नेता बने हुए हैं। हमारे साथ चुनाव लड़े थे, जहां कहा था वहां से उनके लिए चुनाव प्रचार किया था। सरकार में भ्र्ष्टाचार की बात कह रहे हैं। क्या पेंशन योजना से लेकर राशन की योजना का लाभ मैं ले रहा हूं क्या? 5 लाख वोट से जिसने लोकसभा चुनाव में हराया उसी दल में जाकर शामिल हो गये। विधानसभा के चुनाव में 2 सीट से चुनाव हार गये। मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के नाम से ही सरकार के उद्देश्य और सरकार की मंशा जाहिर हो जाती है। इस राज्य के लोग ऐसे ऐसे कोने के रहते हैं, जो सुदूर पहाड़ और जंगलों से घिरा है। पहल सुनने को मिलता था वहां तक न पदाधिकारी जाते हैं, न सरकार की योजनाएं पहुंच पाती है। पर इस कार्यक्रम के जरिये हमने आपकी समस्याओं के समाधान किया है।