टीम एबीएन, रांची। हेमंत सरकार के तीन साल पूरे होने पर आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इस साल यह कार्यक्रम 12 अक्टूबर से गिरिडीह से शुरू किया जा रहा है। आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि इसके तहत अधिकारी गांव-गांव जाकर लोगों को उनके अधिकार दिलायेंगे।
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और राज्य सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में 16 नवंबर 2021 से 28 दिसंबर 2021 तक पूरे राज्य में आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान प्रत्येक जिला में प्रतिदिन कम से कम चार से पांच पंचायतों में शिविरों का आयोजन हुआ था। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक इस अभियान में कुल 6867 शिविर में 35.94 लाख आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 35.53 लाख आवेदन निष्पादित हुए और वर्तमान में कुल 42 हजार आवेदन निष्पादन की प्रक्रिया में हैं। एक बार फिर से राज्य सरकार के तीन साल पूरे होने के अवसर पर राज्य सरकार आपकी योजना आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम का आयोजन कर रही है।