टीम एबीएन, दारू (हजारीबाग)। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत दारू प्रखंड क्षेत्र के मेड़कुरी खुर्द पंचायत के जमुआरी से कनोदी तक लाखों की लागत से पीसीसी व कालीकरण सड़क का निर्माण किया जा रहा है। इसका निर्माण कार्य पिछले दो वर्ष पहले प्रारम्भ हुआ था पर छह महीने से काम ठीकेदार प्रहलाद सिंह ने बंद कर दिया है। जबकि सड़क निर्माण कार्य अभी अधूरा है। सड़क निर्माण में ग्रामीणों ने ठीकेदार पर घटिया निर्माण करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि कालीकरण सड़क बहुत ही घटिया गुणवत्ता की बनाई जा रही है। सड़क बनने के दौरान ही टूटने लगा है। तालाब के पास पुलिया बनाई गई पर गार्डवाल नही बनाया गया जिसके कारण अगल बगल की मिट्टी धंस जा रही है जिससे कभी भी खतरा हो सकता है। पीसीसी सड़क के दोनो तरफ मिट्टी की भराई करनी है पर नही किया गया है । ग्रामीणों ने सही गुणवत्ता से सड़क बनाने और सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूर्ण करने का आग्रह अधिकारियों और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से की है।