टीम एबीएन, रांची। आज शाम 4 बजे झारखंड कैबिनेट की बैठक होगी, जिसकी अध्यक्षता सीएम हेमंत सोरेन करेंगे। इस बैठक में दो दर्जन से अधिक प्रस्तावों पर चर्चा के बाद फैसला लिया जायेगा। ऐसे आसार है कि इस बैठक में सरकार कैशलेस चिकित्सा सुविधा की सौगात दे सकती है।
हेमंत सरकार ओल्ड पेंशन स्कीम के बाद सरकारी कर्मियों को एक और सौगात देने की तैयारी में है। लंबे समय से चिकित्सा सुविधा की मांग को देखते हुए राज्य सरकार कर्मचारियों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा देने की तैयारी कर रही है। संभावना यह है कि आज होने वाले कैबिनेट की बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लग जायेगी।
झारखंड सरकार ने 2014 में अपने कार्यरत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों को स्वास्थ्य बीमा के माध्यम से कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का फैसला किया था। इसके तहत कार्यरत कर्मचारियों को दिए जाने वाले चिकित्सा भत्ता को बंद कर 6000 रुपये वार्षिक प्रीमियम के आधार पर उनका स्वास्थ्य बीमा कराने का फैसला लिया गया था। कैबिनेट से पारित प्रस्ताव के बाद इस संबंध में संकल्प भी जारी किया गया था। मगर इसे लागू नहीं किया जा सका।