टीम एबीएन, दुमका/ रांची। दुमका में एक बार फिर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने के मामले में पीड़िता की मौत हो गयी। गंभीर रूप से झुलसी पीड़िता को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर किया गया था। रिम्स लाने के दौरान रास्ते में ही पीड़िता ने दम तोड़ दिया था। रिम्स पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, पुलिस ने आरोपी राजेश राउत को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पीड़िता के परिजनों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। वहीं, सीएम हेमंत सोरेन ने इस घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त की है। साथ ही मृतक के परिजन को 10 लाख रुपये की सहायता राशि देने का निर्देश अधिकारियों को दिया है।
सनकी प्रेमी ने पेट्रोल छिड़क जिंदा जला दिया था : मालूम हो कि जरमुंडी थाना क्षेत्र के भालकी भरतपुर गांव में गुरुवार (5 अक्टूबर, 2022) की रात रामगढ़ थाना क्षेत्र के महेशपुर गांव निवासी राजेश राउत ने पीड़िता के घर के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुसा था और पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। इस दौरान पीड़िता ने बताया जब शरीर जलने लगी, तो आंख खुली। इसी दौरान राजेश को घर से निकलकर भागते देखा। पीड़िता ने बताया कि तीन-चार दिन पहले राजेश ने जलाकर मारने की धमकी दी थी।