झारखंड
चतरा : दादा पोता का शव मिलने से इलाके में आक्रोश, सड़क जाम
ABN Bureau
•
08 Sep, 2022
विज्ञापन
टीम एबीएन, चतरा/रांची। चतरा जिला में सड़क किनारे जंगल से संदिग्ध अवस्था में दादा-पोता का शव मिला है, जिससे ईलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने सिमरिया थाना क्षेत्र के चतरा-रांची मेन रोड एनएच 22 पर स्थित गोढ़ाई इलाके से पेड़ के नीचे से दोनों का शव बरामद किया है। साथ ही मौके से मृतकों का मोबाइल और मोटरसाइकिल भी बरामद किया गया है। मृतकों की पहचान लमटा निवासी सुरेश साहू और सोनू कुमार के रूप में हुई है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चतरा-रांची मेन रोड जाम कर दिया है। ग्रामीण हत्या का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। साथ ही परिवार को 25-25 लाख रुपये आर्थिक मुआवजा देने की भी मांग कर रहे हैं। इधर, घटना की सूचना पाकर सिमरिया अंचल अधिकारी छुटेश्वर रविदास, पुलिस निरीक्षक केके चौधरी, सिमरिया थाना प्रभारी विवेक कुमार और लावालौंग थाना प्रभारी नंदन कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की पड़ताल में जुट गये हैं।
पुलिस और प्रखंड प्रशासन के अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम हटाते हुए मौके से दोनों शवों को उठा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने के प्रयास में जुटे हैं। इधर, घटना की सूचना पाकर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मामले में परिजनों का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। लेकिन, मृतकों के शरीर पर खून लगे हैं। ऐसे में मामले की जांच होनी चाहिए। परिजनों के अनुसार दादा पोता अपने रिश्तेदार के घर जबड़ा गए थे। वहीं से लौटने के दौरान रास्ते में घटना घटी है। मामले में अंचल अधिकारी ने कहा है कि जांच के बाद सरकारी प्रावधानों के तहत मृतक के आश्रितों को आर्थिक मुआवजा दिया जायेगा, जबकि पुलिस ने पूरे मामले में परिजनों के फर्द बयान पर तत्काल हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच करने की बात कह रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल पायेगा। अगर दोनों की हत्या हुई है तो किसी भी परिस्थिति में हत्यारों को बख्शा नहीं जायेगा।
विज्ञापन