भोजपुर। बिहार के भोजपुर जिले के इमादपुर थाना क्षेत्र के सहियारा बाजार में बुधवार की सुबह एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़े 5 लोगों को रौंद दिया। इनमें 3 बुजुर्ग थे। हादसे में एक शख्स की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। चार लोग जख्मी हो गए। मृतक की पहचान 62 साल के आनंद कहार के रूप में हुई है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। जख्मियों में दो को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद एक को पटना रेफर कर दिया गया। दो अन्य घायलों का इलाज पीएचसी में चल रहा है। घटना की सूचना पाकर इमादपुर थाना इंचार्ज अवधेश कुमार पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटना के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने बुझाने में जुट गए। उन्होंने बताया कि जख्मियों में हरे कृष्णा साह (60), अयोध्या साह (50) समेत दो अन्य शामिल हैं,जिनकी पहचान नहीं हो सकी है।