राज काज
झारखंड के शिक्षा मंत्री ने दिये संकेत : सभी स्तर के स्कूल होंगे उत्क्रमित
ABN Bureau
•
21 Aug, 2022
1 Views
विज्ञापन
टीम एबीएन, रांची। झारखंड सरकार राज्य में निर्धारित दूरी व जनसंख्या के आधार पर हाई स्कूलों एवं प्लस टू हाई स्कूलों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सभी स्तरों पर स्कूलों को उत्क्रमित करेगी। इसके तहत चिन्हित मिडिल स्कूलों को हाई स्कूल तथा हाई स्कूलों को प्लस टू हाई स्कूल में उत्क्रमित किया जायेगा। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के मंत्री जगरनाथ महतो के निर्देश पर विभाग ने इसे लेकर सभी जिलों से रिपोर्ट मांगी है। मिडिल स्कूलों के हाई स्कूलों में उत्क्रमण संबंधित रिपोर्ट कुछ जिलों से पहले ही मिल चुकी है। विभाग ने शेष जिलों को अविलंब रिपोर्ट देने को कहा है। साथ ही सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को हाई स्कूलों के प्लस टू स्कूलों मंह उत्क्रमण के संबंध में भी शीघ्र रिपोर्ट देने को कहा है। सभी जिलों से रिपोर्ट मिलने के बाद इस पर प्रशासकीय पदवर्ग समिति एवं कैबिनेट की स्वीकृति ली जायेगी। झारखंड में संयुक्त बिहार से लेकर अबतक कुल 635 हाई स्कूल प्लस टू में उत्क्रमित किए गए हैं। इनमें पिछले वर्ष उत्क्रमित किए गए 125 प्लस टू उच्च विद्यालय भी शामिल हैं। पिछले वर्ष उत्क्रमित किए गए प्लस टू स्कूलों के अलावा उत्क्रमित किए जानेवाले स्कूलों में प्राचार्य, स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक, प्रयोगशाला सहायक, लिपिक एवं आदेशपालों के पद सृजित किए जाएंगे। प्रत्येक स्कूलों में शिक्षकों के 11-11 तथा प्रयोगशाला सहायक, लिपिक एवं आदेशपाल के एक-एक पद सृजित होंगे। बता दें कि राज्य में वर्ष 2007-08 से उत्क्रमित किए गए प्लस टू हाई स्कूलों में अभी तक प्राचार्य के पद सृजित नहीं हुए हैं। हालांकि पिछले वर्ष को छोड़कर अन्य वर्षों में उत्क्रमित किए गए स्कूलों में शिक्षकों के पद सृजित किए जा चुके हैं।
विज्ञापन