देश
चंडीगढ़ में बना गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड... हजारों लोगों ने बनायी राष्ट्रीय ध्वज की ह्यूमन इमेज
ABN Bureau
•
13 Aug, 2022
2 Views
विज्ञापन
एबीएन सेंट्रल डेस्क। चंडीगढ़ के सेक्टर 16 स्टेडियम में लहराते हुए राष्ट्रीय ध्वज की सबसे बड़ी मानव छवि का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया है। पहले ये रिकॉर्ड यूएई के नाम था, जिसे अब तोड़ दिया गया है। इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए 5885 लोग इकट्ठा हुए थे। केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी भी इस मौके पर यहां मौजदू थीं। ये उपलब्धि चंडीगढ़ विश्वविद्यालय और एनआईडी फाउंडेशन ने हासिल की। जीडब्ल्यूआर आधिकारिक निर्णायक स्वप्निल डांगारीकर ने कहा कि इस रिकॉर्ड का शीर्षक लहराते हुए राष्ट्रीय ध्वज की सबसे बड़ी मानव छवि है। ऐसा ही एक रिकॉर्ड सालों पहले यूएई में बनाया गया था। आज वह रिकॉर्ड टूट गया है। 5885 लोगों की भागीदारी के लिए धन्यवाद। मीनाक्षी लेखी ने कहा कि मैं चडीगढ़ विश्वविद्यालय और एनआइडी फाउंडेशन को बधाई देना चाहूंगी। ये हम सभी के लिए गौरवान्वित होने का विषय है। हर व्यक्ति का मन एक ही भाव से परिपूर्ण हुआ कि हम जब तक जिंदा हैं, तब तक तिरंगे की आन, बान, शान में अपने कर्तव्य से अपने आप को समर्पित रखेंगे।
हर घर तिरंगा अभियान का समर्थन : आजादी के 75 साल पूरे होने के मौके पर देश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। सरकार से लेकर आम लोग तक इस अभियान में बढ़-चढ़कर भाग ले रहे हैं। एनआईडी फाउंडेशन के मुख्य संरक्षक और चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के चांसलर एस सतनाम सिंह संधू ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा था कि मौके पर 10 हजार से ज्यादा लोग एकत्र होंगे। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी और अन्य शैक्षणिक संस्थान के 8650 से ज्यादा स्टूडेंट्स, साथ ही एनआइडी फाउंडेशन के वॉलेंटियर्स हर घर तिरंगा अभियान को मजबूत करने के उद्देश्य से गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास करेंगे।
विज्ञापन