एबीएन सेंट्रल डेस्क। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में बुधवार को पुलिस और सुरक्षा बलों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले एक बड़े हमले की साजिश को नाकाम कर दिया। सुरक्षा बलों ने शहर में सर्कुलर रोड पर तहाब क्रॉसिंग के पास 25-30 किग्रा आईडीडी बरामद कर लिया। एडीजीपी कश्मीर विजय कुमार ने बताया, पुलवामा पुलिस को मिली गोपनीय जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस और सुरक्षा बलों ने बड़े हमले की साजिश को नाकाम कर दिया।
उन्होंने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। आईईडी को यहां तक पहुंचाने वाले और यहां से आईईडी उठाने के लिए आने वालों की तलाश की जा रही है। हर आने-जाने वाले वाहन की जांच की जा रही है।
एक दिन पहले यूपी के आजमगढ़ में गिरफ्तार हुआ था आईएस आतंकी : इससे पहले मंगलवार को उत्तर प्रदेश में आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने भी आजमगढ़ के मुबारकपुर से इस्लामिक स्टेट के एक आतंकी को गिरफ्तार किया था। आतंकी स्वतंत्रता दिवस पर आईईडी धमाके की योजना बना रहा था। आरोपी सहाबुद्दीन के खिलाफ लखनऊ में आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
ऊधमपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा जांच बढ़ाई : इस बीच सुरक्षा बलों ने ऊधमपुर-कटरा रेलवे लिंक और ऊधमपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा बढ़ा दी है। स्वतंत्रता दिवस से पहले स्पेशल डॉग स्क्वाएड, जीआरपी और आरपीएफ के जवानों को तैनात कर दिया गया है। यात्रियों की तलाशी और उनसे पूछताछ की जा रही है।