एबीएन सेन्ट्रल डेस्क। रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला करते हुए पैसेंजर और मेल एक्सप्रेस ट्रेनों को एक बार फिर से चलाने का आदेश जारी किया है। दरअसल, इस हफ्ते से कोरोना काल में बंद हुई सभी ट्रेनों का संचालन शुरू होगा। करीब 500 बंद पैसेंजर ट्रेनें फिर से शुरू करने के आदेश दिए गए हैं। इसके अलावा करीब 100 मेल एक्सप्रेस ट्रेनें भी पटरी पर दौड़ने लगेंगी।
कोविड की वजह से कई ट्रेनें हुई थीं बंद : कोरोना काल से पहले करीब 2800 पैसेंजर ट्रेनें चलती थीं, जबकि अभी 2300 पैसेंजर ट्रेनें चल रही हैं। इसके अलावा अभी 1770 मेल एक्सप्रेस ट्रेनें चल रही हैं और एक हफ्ते में 1900 से ज्यादा मेल एक्सप्रेस ट्रेनें चलने लगेंगी। दूसरी ओर, भारतीय रेलवे वंदे भारत ट्रेन के नए संस्करण को उतारने की तैयारी कर रही है। देश में इस तरह की यह तीसरी रेल होगी और इसे 12 अगस्त को चेन्नई में इंटिग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) से परीक्षण के लिए रवाना किया जाएगा। सूत्रों ने बताया कि इस ट्रेन के नवंबर से दक्षिण भारत में एक विशेष मार्ग पर चलने की संभावना है। रेलवे के सूत्रों के अनुसार, सेमी हाई स्पीड (160-200 किलोमीटर प्रति घंटा) वंदे भारत का परीक्षण 15 अगस्त से पहले शुरू कर दिया जाएगा।