एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश के अगले राष्ट्रपति के लिए सोमवार यानी 18 जुलाई को मतदान हुआ। सासंदों ने दिल्ली स्थित संसद भवन में और विधायकों ने अपने अपने राज्यों की विधानसभा में मतदान किया। 21 जुलाई को परिणाम घोषित को जाएंगे। एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू प्रत्याशी हैं। वहीं, विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा उम्मीदवार हैं। मतदान के बीच कई राज्यों से क्रॉस वोटिंग की खबर आ रही है। खबरों के अनुसार कई राज्यों में विपक्षी दलों के विधायकों ने ठऊअ की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट किया है। ओडिशा से कांग्रेस विधायक मोहम्मद मोकीम ने कहा कि, मैं कांग्रेस का विधायक हूं लेकिन मैंने एनडीए के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है। यह मेरा निजी फैसला है क्योंकि मैंने अपने दिल की सुनी है जिसने मुझे धरती के लिए कुछ करने के लिए प्रेरित किया और इसलिए उन्हें वोट दिया। इसके साथ ही असम के विधायक करिमुद्दीन बारभुइया ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि असम में कांग्रेस के कई विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। करिमुद्दीन के अनुसार, कांग्रेस ने रविवार को बैठक बुलाई थी। लेकिन इसमें सिर्फ 2-3 विधायक पहुंचे थे। सिर्फ जिलाध्यक्ष ही मीटिंग में पहुंचे थे। इससे साफ होता है कि कांग्रेस के विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के 20 से ज्यादा विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। उन्होंने कहा कि परिणाम आने के बाद आपको नंबर पता चल जाएगा। वहीं इससे पहले गुजरात के कुटियाना विधायक कांधल एस जडेजा ने भी द्रौपदी मुर्मू के समर्थन में वोट करने की बात कही है। विधानसभा में मतदान करने के बाद उन्होंने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को वोट दिया है।