प. बंगाल : भू-स्खलन में झारखंड के 2 श्रमिकों की मौत, 5 घायल
ABN Bureau• 18 Jun, 2021
2 Views
विज्ञापन
सिलीगुड़ी। पश्चिम बंगाल में जारी बारिश के दौरान कलिम्पोंग से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित भालूखोला में हुए भू-स्खलन में एक रेल परियोजना में काम कर रहे 2 श्रमिकों की मौत हो गयी। 5 श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि मृतक दोनों मजदूर झारखंड के रहने वाले थे। सभी श्रमिक झारखंड और बिहार के रहने वाले थे। बंगाल को सिक्किम से जोड़ने वाली परियोजना में काम के दौरान गुरुवार की रात करीब 10:30 बजे उत्तर बंगाल में यह हादसा हुआ। पिछले कुछ दिनों से सिलीगुड़ी और उत्तर बंगाल की पहाड़ियों पर लगातार बारिश हो रही है। मानसून के दौरान हो रही बारिश में भी इस परियोजना पर जोर-शोर से काम चल रहा था। इसी दौरान गुरुवार रात रंगपा और मल्ली के बीच टनल नंबर 10 में कुछ मजदूर काम कर रहे थे। तभी अचानक भू-स्खलन हो गया। 7 लोग मलबा में दब गये। घटना के बाद तत्काल राहत कार्य शुरू किया गया। एक बड़ी चट्टान के नीचे दबने से दो श्रमिकों की मौत हो गयी, जबकि 5 लोगों को बचा लिया गया। इनकी हालत गंभीर बतायी जा रही है। घायलों को इलाज के लिए सिलीगुड़ी लाया गया है। फिलहाल अब काम बंद है। रेलवे ने घटना पर खेद जताया है। झारखंड के सुफल हेम्ब्रम, सुकेश्वर सिंह, ठाकुर दास, अशोक सिंह और बिहार के छपरा जिला के कुंदन सिंह हादसे में घायल हो गये। सुफल हेम्ब्रम और ठाकुर दास को एनबीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। पश्चिम बंगाल के सेवक से सिक्किम में रंगपो तक नयी रेलवे लाइन हिमालयी राज्य को देश के रेलवे नेटवर्क से जोड़ेगी। दूसरी ओर, राज्य के पूर्व मंत्री व सिलीगुड़ी नगर निगम के प्रशासनिक बोर्ड के चेयरमैन गौतम देव ने घटना पर खेद जताते हुए कहा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रेल मंत्री रहने के दौरान इस प्रोजेक्ट को हरी झंडी दी थी। श्री देव ने इस प्रोजेक्ट को महत्वाकांक्षी परियोजना बताते हुए कहा कि इसके पूरा होने से बंगाल व सिक्किम समेत पूरे देश को लाभ होगा।