एबीएन सेंट्रल डेस्क। दिल्ली में बन रहे सेंट्रल विस्टा एवेन्यू पर तेजी से काम चल रहा है। इस प्रोजेक्ट में देश के नए संसद भवन और कई नए आवासीय परिसर का निर्माण किया जाना है। अब खबर है कि सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का काम अगले 10 दिनों में काम पूरा होगा। शीतकालीन सत्र में नए संसद भवन में सांसदों का स्वागत होगा। वहीं दिसंबर 2020 से राजपथ पर निर्माण कार्य शुरू होने के कारण यहां किसी को आने की इजाजत नहीं थी, लेकिन जल्द इंडिया गेट से राष्ट्रपति भवन के करीब 4 किमी का रास्ता खोल दिया जाएगा। जानकारी के अनुसार सेंट्रल विस्टा एवेन्यू का रास्ता जल्द खुलने वाला है। न सिर्फ राष्ट्रपति भवन बल्कि इंडिया गेट की खूबसूरती को निहारने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक दिल्ली पहुंचते हैं लेकिन दिसंबर 2020 से पीएम मोदी के प्रोजेक्ट के शिलान्यास के बाद से ही यह बंद था। इंडिया गेट से राष्ट्रपति भवन के करीब 4 किमी का रास्ता जल्द ही खोल दिया जाएगा। ऐसे में न सिर्फ आम जनता सेंट्रल विस्टा एवेन्यू में आकर अपना वीकेंड मना सकेगी बल्कि इंडिया गेट और राष्ट्रपति भवन की खूबसूरती भी देख सकेंगे। सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट का काम कुल 85.3 हेक्टेयर में चल रहा है। इसमें कई तरह की खास सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है। सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट में संसद भवन के साथ साथ प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति के आवास का भी निर्माण किया जा रहा है। लाल ग्रेनाइट पत्थर लगे 1.10 लाख वर्ग मीटर में फैले फुटपाथ और उसके चारों तरफ हरियाली, राजपथ को रोशनी से नहलाने के लिए 133 प्रकाश स्तम्भ, 4,087 पेड़, 114 आधुनिक साइन बोर्ड और सीढ़ीदार उद्यान राष्ट्रीय राजधानी में पुनर्विकसित हो रहे सेंट्रल विस्टा का हिस्सा होंगे, जो इसकी छटा में चार चांद लगाएंगे।