Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
देश

दिल्ली : शोभायात्रा पर हुए पथराव और तोड़फोड़ में कई पुलिसकर्मी घायल

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
दिल्ली : शोभायात्रा पर हुए पथराव और तोड़फोड़ में कई पुलिसकर्मी घायल
विज्ञापन
एबीएन सेंट्रल डेस्क। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके में शनिवार को हनुमान जयंती पर निकाले गए जुलूस में पथराव के बाद हिंसा भड़क गई जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि पथराव हुआ और कुछ वाहनों में आग लगा दी गई। दिल्ली पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना ने दंगाइयों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और जहांगीरपुरी तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया है। अस्थाना ने ट्वीट किया, वरिष्ठ अधिकारियों को क्षेत्र में बने रहने और कानून-व्यवस्था की स्थिति की बारीकी से निगरानी करने तथा गश्त करने के लिए कहा गया है। नागरिकों से अनुरोध है कि वे सोशल मीडिया पर अफवाहों और फर्जी खबरों पर ध्यान न दें। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, यह एक पारंपरिक जुलूस था और पुलिस कर्मी सुरक्षा में तैनात थे। हालांकि, कुशल सिनेमा हॉल के पास जुलूस पहुंचते ही दो समुदायों के बीच झड़प हो गई। उन्होंने बताया कि हिंसा को रोकने की कोशिश में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी घायल हो गए। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हिंसा के बाद पुलिस आयुक्त और विशेष आयुक्त (कानून व्यवस्था) से बात की तथा सभी आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। दिल्ली पुलिस ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों को भी जुलूस के दौरान हुई हिंसा से अवगत कराया। सूत्रों ने कहा कि गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस को आवश्यक निर्देश दिया है और स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में शांति सुनिश्चित करना केंद्र की जिम्मेदारी है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, मैं लोगों से शांति और व्यवस्था बनाए रखने की अपील करता हूं।
विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 35,170