एबीएन सेंट्रल डेस्क। दक्षिण कश्मीर के पुलवामा के लिटर इलाके में रविवार को आतंकियों ने दो गैर कश्मीरियों को गोली मार दी। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें उचित उपचार के लिए श्रीनगर रेफर किया गया है। सूत्रों ने बताया कि आतंकियों ने पठानकोट निवासी दो लोगों को शाम के समय गोली मारी जब वह लिटर इलाके में पहुंचे थे। दोनों में एक वाहन चालक और दूसरा उसका साथी है। बताया जाता है कि दोनों पोल्ट्री वाहन में सवार थे। घायलों को उप जिला अस्पताल ले जाया गया। जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ बीएस तुल्लाह ने बताया कि घायलों में से एक सुरेंद्र के सीने के बायीं तरफ गोली लगी है।
उसे बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर के एसएमएचएस अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। दूसरे की पहचान धीरज दत्ता के तौर पर हुई। उसके पैर में गोली लगी है और इलाज चल रहा है।