एबीएन सेंट्रल डेस्क। कृषि क्षेत्र में बदलाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के 100 शहरों के लिए किसान ड्रोन को हरी झंडी दी। अपने वर्चुअली कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि यह एक ऐसी योजना है, जो खेती-किसानी में एक नई क्रांति ला देगी। कीटनाशकों के छिड़काव से लेकर दूसरी अन्य सुविधाएं इससे मिलेंगी।
पीएम मोदी ने कहा कि यह 21 वीं सदी की आधुनिक कृषि सुविधाओं की दिशा में एक नया अध्याय है। मुझे विश्वास है कि यह शुरुआत न केवल ड्रोन सेक्टर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी बल्कि असीमित संभावनाओं के लिए भी आकाश खोल देगी।
बता दें कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट 2022-23 की घोषणा के दौरान कृषि क्षेत्र के लिए एक बड़े प्रोत्साहन की घोषणा की। बजट सत्र में सीतारमण ने कहा कि केंद्र वित्तीय वर्ष 2022-23 के दौरान देश भर में किसानों को डिजिटल और उच्च तकनीक सेवाओं के वितरण के लिए किसान ड्रोन, रासायनिक मुक्त प्राकृतिक खेती, सार्वजनिक-निजी भागीदारी को बढ़ावा देगा। इसके साथ ही उन्होंने प्रौद्योगिकी के उपयोग पर जोर देते हुए निर्मला सीतारमण ने कहा कि फसल मूल्यांकन, भूमि रिकॉर्ड के डिजिटलीकरण और कीटनाशकों और पोषक तत्वों के छिड़काव के लिए किसान ड्रोन को देश में बढ़ावा दिया जाएगा।