एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने रविवार को कहा कि केंद्रीय बजट के केंद्र में देश के आम आदमी को रखा गया है।
मुंडा ने भाजपा के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के आर्थिक प्रकोष्ठ द्वारा केंद्रीय बजट 2022-23 पर आयोजित एक परिचर्चा में कहा कि आजादी का 75 वें वर्ष के उत्सव में भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है। यह साल उत्सव के साथ संकल्प तय करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के केंद्रीय बजट में अगले पांच वर्ष के साथ 25 वर्ष के विकास की रूप रेखा है। 100 साल का आजाद भारत कैसा होगा, इसकी स्पष्ट झांकी है। उन्होंने कहा कि भारत एक परिवार है,एक जन है इस द्दष्टि से सोचने का अवसर है। आज पहली बार इस देश मे देश के प्रत्येक नागरिक की चिंता और उसे विकास की मुख्यधारा में सहभागी बनाया गया है। यह सरकार आलोचनाओं में न पड़ते हुए नए भारत के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस बजट में हर परिवार, हर व्यक्ति को पार्ट ऑफ इकॉनमी बनाया गया है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास इसी मूलमंत्र की अभिव्यक्ति है। प्रधानमंत्री ने स्वयं के साथ देश की जनता को प्रतिबध्दता से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि देश में अब एकांगी नहीं समग्रता में सोच विकसित हुआ है। देश को ऐसी व्यवस्था से जोड़ा जा रहा जो स्व शासित भी हो और स्व चालित भी। अंतिम व्यक्ति उसकी हिस्से की सुविधा पहुचे। सभी जरूरतें स्वाभाविक रूप से उपलब्ध हो।
मुंडा ने प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना और डिजिटल इंडिया पर बोलते हुए कहा कि इससे विकास समावेशी स्थायी और त्वरित होगा। उन्होंने कहा कि कोरोना काल की अप्रत्याशित चुनौतियों मे भारत की नई पहचान विश्व में बनी। विकसित देशों के साथ भारत ने दुनिया को कोविड टीका बनाकर देश की क्षमता को स्थापित किया। यह सब मोदी जी के कुशल नेतृत्व से ही संभव हुआ।