एबीएन डेस्क। पूर्व मध्य रेलवे के धनबाद रेल मंडल में धनबाद-गया रेल खंड पर रविवार को यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। क्योंकि निचितपुर-तेतुलमारी स्टेशनों के बीच रेलवे ने नाै घंटे का पॉवर ब्लाक लिया है। ऐसे में हावड़ा से दिल्ली रेल मार्ग पर चलने वाली कई ट्रेन के परिचालन में बदलाव किया गया है। इस रूट की कई ट्रेन रद्द कर दी गईं हैं। वहीं कई के रूट में बदलाव किया गया है। रेलवे ने रविवार को धनबाद होकर चलने वाली छह पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया है। धनबाद-गोमो रेलखंड के निचितपुर-तेतुलमारी स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 284/19-21 पर ROB कार्य के लिए रविवार को पॉवर ब्लॉक लिया गया है। सुबह 8.30 बजे से संध्या 5.30 बजे तक 9 घंटे के लिए ट्रैफिक/पावर ब्लॉक लिया गया है, जिसका रेल यातायात पर असर पड़ेगा। इसके फलस्वरूप ब्लॉक अवधि में ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। नौ घंटे तक ट्रेन नहीं चलने से हजारों यात्रियों को परेशानी हो सकती है। रेलवे ने जिन छह पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया है, उनमें अधिकतर प्रतिदिन झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की ओर जाती हैं। हजारों की संख्या में यात्री इनसे सफर करते हैं। ट्रेन रद्द होने से ऐसे यात्रियों को दूसरे विकल्प तलाशने होंगे। पूर्वा एक्सप्रेस और लालकुआं हावड़ा एक्सप्रेस के मार्ग परिवर्तन होने से भी यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी।