एबीएन सेंट्रल डेस्क (नई दिल्ली)। भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) का 34वां प्लेनरी सत्र एवं अमलगमेशन कन्वेंशन 2026 नयी दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। इस ऐतिहासिक राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से आये श्रमिक नेताओं, पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
अधिवेशन की शुरुआत इंटक के वरिष्ठ एवं दिवंगत श्रमिक नेता स्वर्गीय चंद्रशेखर दुबे उर्फ ददई दुबे के चित्र पर माल्यार्पण कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। उपस्थित सभी नेताओं एवं प्रतिनिधियों ने उनके सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर श्रमिक आंदोलन में उनके योगदान को नमन किया।
इस राष्ट्रीय सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार उपस्थित रहीं। वहीं, एआईसीसी पर्यवेक्षक के रूप में काजी मोहम्मद निजामुद्दीन जी ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सम्मेलन में अकउउ की नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव एवं इंटक की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बॉबी भगत की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। सम्मेलन के आयोजकों एवं प्रतिनिधियों ने कांग्रेस अध्यक्ष आदरणीय मल्लिकार्जुन खड़गे जी के समर्थन एवं सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।
अधिवेशन के दौरान इंटक के संगठनात्मक पुनर्गठन एवं एकीकरण को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। सर्वसम्मति से कृष्णानंदन त्रिपाठी (केएन त्रिपाठी) को इंटक का राष्ट्रीय अध्यक्ष, केके तिवारी को राष्ट्रीय महासचिव तथा अभय दुबे को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के पद पर चुना गया।
सम्मेलन के प्रमुख प्रस्तावों में नई कार्यसमिति को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे जी को सौंपने का निर्णय भी शामिल रहा, ताकि उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग से संगठन का एकीकरण कर एक संयुक्त इंटक का निर्माण किया जा सके। इसके साथ ही श्रम कानूनों, मजदूरों के अधिकारों, सामाजिक सुरक्षा, रोजगार एवं श्रमिकों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर छह अहम प्रस्ताव पारित किये गये। इन प्रस्तावों को देश के श्रमिक वर्ग के हितों की रक्षा और संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस अवसर पर लोहरदगा जिला इंटक अध्यक्ष आफताब अंसारी ने नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णानंदन त्रिपाठी से मुलाकात कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्री त्रिपाठी के कुशल नेतृत्व में इंटक संगठन को नई दिशा मिलेगी और देशभर के मजदूरों एवं श्रमिकों के अधिकारों की आवाज और अधिक बुलंद होगी।
वहीं, लोहरदगा जिला इंटक महासचिव मो• फारूक हुसैन ने भी राष्ट्रीय अध्यक्ष केएन त्रिपाठी एवं नवनिर्वाचित राष्ट्रीय महासचिव केके तिवारी को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।
लोहरदगा जिला इकाई के दोनों नेताओं ने विश्वास जताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में झारखंड सहित पूरे देश में श्रमिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। साथ ही संगठित एवं असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के सम्मान, अधिकार, रोजगार, उचित वेतन और सामाजिक सुरक्षा के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाया जायेगा।
इंटक का यह 34वां प्लेनरी सत्र केवल संगठनात्मक बदलाव का अवसर नहीं, बल्कि देशभर के श्रमिकों को एक मंच पर लाने, संगठनात्मक एकता स्थापित करने और मजदूरों के अधिकारों की लड़ाई को नयी मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।