पीएम मोदी जी, संविधान को आपने अपनी जागीर समझ लिया है क्या : सुखदेव भगत
संविधान किसी सरकार की जागीर नहीं, 140 करोड़ भारतीयों की तकदीर है : सांसद
संविधान सिर्फ किताब नहीं है, ये गरीब की रोटी है, किसान की मेहनत है, मजदूर का पसीना है, आदिवासी की जमीन है, नौजवान के भविष्य की गारंटी है : सांसद सुखदेव भगत
एबीएन सेंट्रल डेस्क। संविधान दिवस पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा रायपुर के गांधी मैदान में आयोजित संविधान रक्षा मार्च में कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेता, सीडब्ल्यूसी स्थायी आमंत्रित सदस्य, एआईसीसी प्रभारी छत्तीसगढ़ एवं लोहरदगा लोकसभा के सांसद माननीय सुखदेव भगत ने विशाल जनसभा को संबोधित किया।
गांधी मैदान में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता, महिला, युवा, किसान, मजदूर, आदिवासी भाई-बहन हाथों में तिरंगा और संविधान की प्रति लेकर पहुंचे थे। सांसद सुखदेव भगत ने अपने ओजस्वी भाषण में कहा कि लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भारत छोड़ो यात्रा के माध्यम से संविधान बचाओ का जो उन्होंने संकल्प और जो अभियान लिया।
वह अभियान अभी भी जारी है।ये संविधान केवल एक किताब नहीं है, लेकिन ये गरीबों की रोटी है और किसानों की मेहनत, मजदूरों का पसीना है और एक सौ चालीस करोड़ नागरिकों का सम्मान है। छत्तीसगढ़ की धरती से हमारी आवाज दिल्ली तक पहुंचनी चाहिए। सांसद ने कहा कि ये जो संविधान है, मोदी जी आपने क्या इसे अपनी जागीर समझ लिया है क्या? संविधान किसी भी सरकार की जागीर नहीं है।
एक सौ चालीस करोड़ भारतीयों की जनता की ये तकदीर है। सांसद ने कहा कि राहुल गांधी जी ने भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से संविधान बचाने का संकल्प लिया था। आज वही संकल्प हम सब लेकर गांधी मैदान में खड़े हैं। आज संविधान पर हमला हो रहा है। वोट चोरी हो रही है, आरक्षण को कमजोर किया जा रहा है, आदिवासियों की जमीन छीनी जा रही है, गरीब की रोटी छीनी जा रही है।
ये सब संविधान के खिलाफ है। हम छत्तीसगढ़ की धरती से ऐलान करते हैं- जब तक एक भी कांग्रेस कार्यकर्ता जिंदा है, संविधान को मिटने नहीं देंगे। संविधान बचेगा तो देश बचेगा। संविधान बचेगा तो गरीब की रोटी बचेगी, किसान की मेहनत बचेगी, मजदूर का पसीना बचेगा, आदिवासी की जमीन बचेगी, नौजवान का भविष्य बचेगा।
संविधान रक्षा मार्च में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ महंत चरण दास, पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस बाबा, पर्यवेक्षक राजेश ठाकुर, विधायक, सांसद, पूर्व मंत्री, जिलाध्यक्ष, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के पदाधिकारी सहित हजारों कार्यकर्ता उपस्थित थे। इससे पूर्व रायपुर पहुंचने पर प्रभारी सुखदेव भगत का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।