- राष्ट्रीय संविधान दिवस 26 नवंबर को
- संविधान के गौरव, लोकतंत्र की शक्ति और नागरिक कर्तव्यों का : संजय सर्राफ
एबीएन सेंट्रल डेस्क। साहित्य भारती के उपाध्यक्ष सह झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने कहा है कि भारत में राष्ट्रीय संविधान दिवस प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को मनाया जाता है।
यह दिवस भारतीय लोकतंत्र की आधारशिला, संविधान निर्माताओं के योगदान और संवैधानिक आदर्शों के प्रति सम्मान प्रकट करने का महत्वपूर्ण अवसर है। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था। संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ और भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना।
भारत सरकार ने वर्ष 2015 में संविधान दिवस मनाने की आधिकारिक घोषणा की। 19 नवंबर 2015 को अधिसूचना जारी कर प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाने का निर्णय लिया गया। वर्ष 2015 में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की 125वीं जयंती भी मनाई जा रही थी।
उनके महान योगदान को सम्मानित करने तथा नागरिकों में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यह दिवस प्रारंभ किया गया। इससे पहले 26 नवंबर को राष्ट्रीय विधि दिवस के रूप में भी जाना जाता था।संविधान दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को संविधान की महत्ता, अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों से परिचित कराना है।
भारतीय संविधान विश्व के सबसे विस्तृत लिखित संविधानों में से एक है। इसकी प्रस्तावना में न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को प्रतिष्ठित किया गया है। संविधान प्रत्येक नागरिक को मौलिक अधिकार प्रदान करता है तथा शासन व्यवस्था के संचालन के लिए स्पष्ट नियम निर्धारित करता है।
सभा के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद तथा प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर सहित अनेक महान विभूतियों ने संविधान निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।संविधान निर्माण में लगभग दो वर्ष, ग्यारह महीने और अठारह दिन लगे।
इस अवसर पर विद्यालयों, महाविद्यालयों, सरकारी कार्यालयों एवं सामाजिक संस्थाओं में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन, भाषण, निबंध, विचार गोष्ठी और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। संविधान दिवस हमें संदेश देता है कि अधिकारों के साथ कर्तव्यों का पालन भी आवश्यक है।
प्रत्येक नागरिक संविधान का सम्मान करे, लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाए तथा जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता बनाए रखे। संविधान दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि न्यायपूर्ण, समतामूलक और सशक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिवस है।