- 374 यूनिट रक्तदान और 3,335 ने लिया देहदान का संकल्प
- सतलोक आश्रम किठोदा पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सत्यनारायण जटिया एवं पूर्व विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष हरिनारायण यादव, जनकल्याणकारी कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की
एबीएन सेंट्रल डेस्क (उज्जैन/बैतूल/इंदौर)। जगतगुरु तत्वदर्शी संत रामपाल जी महाराज के पावन सानिध्य में आयोजित कबीर परमेश्वर जी का 513वें दिव्य धर्म यज्ञ दिवस के अवसर पर मध्यप्रदेश के सतलोक आश्रम उड़दन (बैतूल) एवं सतलोक आश्रम किठोदा (इंदौर) में भव्य समागम के दूसरे दिन अनेक जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित हुए। दोनों आश्रमों में कुल 63 दहेजमुक्त विवाह (रमैणी) संपन्न हुए।
बैतूल में 31 तथा इंदौर में 32 जोड़ों ने बिना दहेज, लेन-देन और फिजूलखर्ची के सादगीपूर्ण तरीके से विवाह किया। वहीं बैतूल में 268 और इंदौर में 106 यूनिट सहित कुल 374 यूनिट रक्तदान किया गया। मृत्यु के बाद भी मानवता की सेवा के उद्देश्य से बैतूल में 3,275 तथा इंदौर में 60 श्रद्धालुओं ने देहदान के संकल्प पत्र भरे। इस प्रकार कुल 3,335 श्रद्धालुओं ने देहदान का संकल्प लिया। इसके अतिरिक्त बैतूल आश्रम में 2,140 लोगों ने नि:शुल्क नामदीक्षा ग्रहण की।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सहित गणमान्य अतिथियों ने किया आश्रम का अवलोकन
इस अवसर पर सतलोक आश्रम किठोदा, इंदौर में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. सत्यनारायण जटिया तथा इंदौर विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष हरिनारायण यादव भी पहुंचे। अतिथियों ने आश्रम में संचालित आध्यात्मिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों का अवलोकन किया।
दहेजमुक्त विवाह, रक्तदान, देहदान संकल्प और जरूरतमंदों के लिए नि:शुल्क भंडारे जैसी सेवाओं को देखकर उन्होंने संत रामपाल जी महाराज द्वारा किए जा रहे कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की तथा उनका आभार व्यक्त किया।
दोनों आश्रमों में लाखों श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध देसी घी से निर्मित विभिन्न व्यंजनों का विशाल नि:शुल्क भंडारा चौबीसों घंटे जारी है। संत गरीबदास जी महाराज की अमरवाणी का अखंड पाठ और आध्यात्मिक प्रदर्शनी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
सतलोक आश्रम किठोदा की व्यवस्थाओं में सेवादार भक्त सचिन दास, मदन दास, राधेश्याम दास, गोवर्धन दास, प्रेम दास, सतीश दास, दिलीप दास, निर्मला दासी सहित अनेक सेवादारों का सराहनीय योगदान रहा।
सभी सेवादारों ने पधारे अतिथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि देशभर के 14 सतलोक आश्रमों में आयोजित दिव्य धर्म यज्ञ दिवस का समापन 26 नवंबर को भोग की वाणी के साथ होगा। उक्त जानकारी मीडिया सेवादार भक्त मुकेश दास देवल ने दी।