सुचिता सानी
एबीएन एडिटोरियल डेस्क। सावित्री देवी कोई बड़ी हस्ती नहीं थीं। वह पहाड़ की एक सामान्य मां थीं। पति वन विभाग में काम करते थे। परिवार में चार बेटे और तीन बेटियां थीं। सावित्री देवी दिनभर घरेलू कामकाज करतीं एवं शाम को रसोई संभालतीं। बच्चे मिट्टी के तेल की बत्ती वाले दीये, लालटेन के आसपास बैठकर पढ़ते थे। सावित्री देवी उसी दीये के पास बैठकर बच्चों को पढ़ाती थीं। उसी अंधेरे में उन्होंने अपने बच्चों का उजाला रचा। यह कौन जानता था कि उसी उजाले से एक ऐसी ज्योति निकलेगी जिससे एक दिन उत्तर प्रदेश ही नहीं पूरे भारत समेत पूरा विश्व आलोकित होगा।
उनके एक बेटे का नाम अजय था। बचपन में बहन उसे रोजाना एक किलोमीटर दूर स्थित सरकारी स्कूल ले जाती थीं। दोनों रास्ते में साल के जंगलों से गुजरते थे। अजय कुशाग्र बुद्धि का था, उसकी प्रखर चेतना से शिक्षक चमत्कृत हो जाते थे। पढ़ाई पूरी कर अचानक वर्ष 1994 में एक दिन अजय ने परिवार को बताये बिना संन्यास ग्रहण कर लिया। नाथ संप्रदाय की दीक्षा के बाद वह योगी आदित्यनाथ बन गये। परिवार को उनके संन्यास की जानकारी कई महीने बाद मिली।
संन्यास के करीब चार साल बाद वर्ष 1998 में योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। यह सामान्य पारिवारिक मुलाकात नहीं थी। संन्यासी परंपरा के तहत उन्हें अपनी मां से पहली भिक्षा लेनी थी। सावित्री देवी ने बेटे को फल, चावल और पैसे दिये। भिक्षा देते समय पूरा परिवार रो रहा था। योगी आदित्यनाथ भी अपने आंसू नहीं रोक पाये थे मानो बेटी विदा हो रही हो।
बेटी विदा होती है तो घर से जाती है, बेटा संन्यासी होता है तो लोक के लिए जाता है। दोनों में मां का कलेजा ही पसीजता है। उस दिन मां ने थाली में सिर्फ फल, चावल और पैसे नहीं रखे थे। मां ने थाली में अपना कलेजा रख दिया था। अपना आशीर्वाद रख दिया था। मां ने कहा नहीं, पर आंखों से कहा था, जा बेटा, अब तू सबका है।
सावित्री देवी का जीवन ही लोक का जीवन था। भारतीय मां की परंपरा है। मां बेटे को जन्म देती है, पालती है, और फिर लोक के लिए छोड़ देती है जैसे कौशल्या ने राम को लोक को सौंप दिया वैसे ही श्र्ीमती सावित्री देवी ने अपने अजय (योगी आदित्यनाथ) को लोक कल्याण के लिये सौंप दिया।
मां सावित्री देवी गोलोक चली गयीं। पर उनका दिया हुआ आशीर्वाद आज भी जीवित है। जिस थाली में उन्होंने फल, चावल और पैसे दिये थे, वह थाली आज इतिहास बन गये है।
जिस बेटे को उन्होंने भिक्षा दी थी, वह बेटा आज करोड़ों लोगों का नेतृत्व कर रहा है। माएं मरती नहीं हैं। मांएं मिट्टी में मिल जाती हैं, जिससे उसी मिट्टी में, फिर कोई अजय पैदा होगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि सावित्री देवी के गोलोकवासी आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान कर परिवार को इस दुखद घड़ी में संबल प्रदान करें। भावपूर्ण श्रद्धांजलि। ॐ शांति. शांति.. शांति... नमन मां!!!