Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 24
होम ई-पेपर देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
देश

उदयपुर में तारा और पीईकेबी कोल ब्लॉक से प्रभावित आदिवासियों से मिले सांसद सुखदेव भगत

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
उदयपुर में तारा और पीईकेबी कोल ब्लॉक से प्रभावित आदिवासियों से मिले सांसद सुखदेव भगत
विज्ञापन
  • ग्रामीणों ने सुनायी पुलिस बर्बरता की आपबीती, बोले- बिना ग्राम सभा के अडानी को दे दिया कोल ब्लॉक 
  • जंगल काटे जा रहे हैं, रोकने पर महिलाओं को पीटा जा रहा है... 
  • पुलिस का काम संविधान की रक्षा करना है, यहां पुलिस ही संविधान के खिलाफ काम कर रही है, महिलाओं को पीटना बर्दाश्त नहीं किया जायेगा : सांसद सुखदेव भगत 
  • यह क्षेत्र 5वीं अनुसूची में आता है, यहां पेसा कानून लागू है, फिर भी बिना ग्राम सभा के ब्लॉक आवंटित करना संविधान के खिलाफ है, इस मामले को संसद में उठाऊंगा 

एबीएन सेंट्रल डेस्क। कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेता, सीडब्ल्यूसी स्थायी आमंत्रित सदस्य, एआईसीसी प्रभारी छत्तीसगढ़ एवं लोहरदगा लोकसभा के सांसद सुखदेव भगत ने अपने सरगुजा दौरे के दौरान सरगुजा जिले के उदयपुर ब्लॉक में तारा कोल ब्लॉक, पीईकेबी कोल ब्लॉक, परसा कोल ब्लॉक और केते एक्सटेंशन से प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की और उनसे जन संवाद किया। 

जन संवाद में सैकड़ों की संख्या में आदिवासी महिला, पुरुष, बुजुर्ग और नौजवान शामिल हुए। मौके पर प्रभावित आदिवासियों ने सांसद के सामने अपनी पीड़ा रखी। ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि बिना ग्राम सभा के छत्तीसगढ़ सरकार ने अडानी को कोल ब्लॉक दे दिया है। हमारी जमीन पर, हमारे जंगल पर, बिना हमसे पूछे, बिना ग्राम सभा किये, कंपनी को बुला लिया गया है। 

हमको पता ही नहीं चला, कब हमारा जंगल कंपनी का हो गया। हमारे पुरखों ने जिस जंगल को बचायाउस जंगल को काटा जा रहा है। जब हम जंगल काटने से रोकने जाते हैं, तो पुलिस बर्बरता से कार्रवाई करती है। पुलिस हमको लाठी से मारती है, गाली देती है, जेल में डालने की धमकी देती है। महिलाओं को पुरुष पुलिस ने पीटा है। हमको अपनी ही जमीन पर अपराधी बना दिया गया है। हम जंगल बचाने जाते हैं, तो हम पर ही केस कर दिया जाता है। 

ग्रामीणों ने सांसद से न्याय दिलाने की मांग किये। ग्रामीणों की बात सुनकर सांसद  सुखदेव भगत ने कहा कि मैं आपको विश्वास दिलाता हूं हम आपके आंदोलन में आपके साथ हैं। आप अकेले नहीं हैं। कांग्रेस पार्टी आपके साथ है। राहुल गांधी जी आपके साथ हैं। मैं आपके साथ हूं। आप लोगों के साथ अन्याय राज्य सरकार ने किया है। हम लोग आपको न्याय दिलाने का काम करेंगे। आपका जंगल आपका है। आपकी जमीन आपकी है। आपका जल-जंगल-जमीन कोई आपसे छीन नहीं सकता। 

संविधान ने आपको यह अधिकार दिया है। सांसद ने पुलिस की कार्रवाई पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम संविधान की रक्षा करना है। पुलिस का काम जनता की रक्षा करना है। लेकिन यहां तो पुलिस संविधान के खिलाफ काम कर रही है। पुरुष पुलिस के द्वारा महिलाओं को पीटा जा रहा है। यह बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। यह न सिर्फ गैरकानूनी है, बल्कि मानवता के खिलाफ है। सांसद ने कहा कि यह क्षेत्र 5वीं अनुसूचित क्षेत्र में आता है। यहां पेसा कानून लागू है। 

पेसा कानून कहता है कि आदिवासी क्षेत्र में बिना ग्राम सभा की सहमति के कोई भी जमीन अधिग्रहण नहीं होगा, कोई भी खनन नहीं होगा, कोई भी कंपनी नहीं आयेगी। उसके बावजूद बिना ग्राम सभा के राज्य सरकार ने कोल ब्लॉक को आवंटित कर दिया है। यह संविधान के खिलाफ है। यह पेसा कानून के खिलाफ है। यह 5वीं अनुसूची के खिलाफ है। यह राज्य सरकार आदिवासी विरोधी है। यह सरकार आदिवासियों की जल-जंगल-जमीन पर कब्जा कर रही है और आदिवासियों को यहां से खदेड़ने का काम कर रही है। जिसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। 

आदिवासी इस धरती के असली मालिक हैं। सरकार आदिवासियों को उनकी ही जमीन से भगाना चाहती है, ताकि अडानी को जंगल सौंप सके। सांसद ने तारा कोल ब्लॉक पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि तारा कोल ब्लॉक की जो नीलामी हुई है, वह नियम के खिलाफ हुई है। 26 जुलाई 2022 को विधानसभा ने सर्वसम्मति से कहा था कि हसदेव में कोई नया ब्लॉक नहीं दिया जाएगा। 2023 में सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में कहा था कि नयी खदान की जरूरत नहीं है। 

फिर भी 11 दिसंबर 2025 को सरकार ने पत्र लिखकर नीलामी की सिफारिश कर दी। तारा में करीब 5,000 एकड़ में खनन होगा, जिसमें 4,000 एकड़ घना जंगल है। वहां 8 लाख से 10 लाख पेड़ काटे जायेंगे। लाखों पेड़ काटकर सरकार क्या हासिल करना चाहती है? मैं इस मामले को संसद में उठाऊंगा। लोकसभा में मैं तारा कोल ब्लॉक की नीलामी, बिना ग्राम सभा के आवंटन, महिलाओं पर पुलिस बर्बरता और पेसा कानून के उल्लंघन का मुद्दा उठाऊंगा। 

सांसद ने सभी ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि कांग्रेस पार्टी उनके साथ हर कदम पर खड़ी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि प्रभावित गांवों में जाकर लोगों की मदद करें और उनकी आवाज को आगे बढ़ायें। इस जनसंवाद कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव जरिता लैतफलांग, प्रतिपक्ष के नेता डॉ महंतचरण दास, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव, पूर्व मंत्री अमरजीत भगत, मोहन मरकाम सहित अनेक लोगों उपस्थित थे।

विज्ञापन