- राष्ट्रीय प्रेस दिवस लोकतंत्र की मजबूती, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निष्पक्ष पत्रकारिता का प्रतीक : संजय सर्राफ
एबीएन सेंट्रल डेस्क। झारखंड पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रांतीय प्रवक्ता सह हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष संजय सर्राफ ने कहा है कि भारत में प्रतिवर्ष 16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जाता है। यह दिवस स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं उत्तरदायी पत्रकारिता के महत्व को रेखांकित करने के साथ लोकतंत्र में प्रेस की महत्वपूर्ण भूमिका का स्मरण कराता है। राष्ट्रीय प्रेस दिवस का इतिहास भारतीय प्रेस परिषद की स्थापना से जुड़ा हुआ है।
वर्ष 1956 में प्रथम प्रेस आयोग ने पत्रकारिता के उच्च मानदंडों, नैतिक मूल्यों तथा प्रेस की स्वतंत्रता की रक्षा के लिए एक स्वतंत्र प्रेस परिषद के गठन की सिफारिश की थी। इसके बाद भारतीय प्रेस परिषद अधिनियम, 1965 के तहत 16 नवंबर 1966 को भारतीय प्रेस परिषद ने कार्य करना प्रारंभ किया। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष 16 नवंबर को राष्ट्रीय प्रेस दिवस मनाया जाता है।
वर्ष 1975 में परिषद की व्यवस्था समाप्त होने के बाद नए कानून के तहत 1979 में इसका पुनर्गठन किया गया।राष्ट्रीय प्रेस दिवस का मुख्य उद्देश्य पत्रकारिता की स्वतंत्रता की रक्षा करना, समाचार माध्यमों में निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखना तथा पत्रकारों को उनके सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करना है। प्रेस को लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है।
यह जनता की आवाज को शासन और प्रशासन तक पहुंचाने, सरकारी योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी देने तथा समाज की समस्याओं को उजागर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वर्तमान डिजिटल युग में समाचार पत्रों के साथ-साथ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और सोशल मीडिया का प्रभाव तेजी से बढ़ा है। ऐसे समय में फर्जी समाचार, भ्रामक सूचनाओं, अफवाहों और अपुष्ट खबरों से बचना पत्रकारिता की सबसे बड़ी चुनौती है।
पत्रकारों का दायित्व है कि वे तथ्यों की पुष्टि के बाद ही समाचार प्रकाशित करें तथा किसी भी दबाव, प्रलोभन और पक्षपात से मुक्त रहकर जनहित को सर्वोपरि रखें। राष्ट्रीय प्रेस दिवस हमें याद दिलाता है कि स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी आवश्यक है। निष्पक्ष पत्रकारिता समाज को जागरूक, शासन को जवाबदेह और लोकतंत्र को मजबूत बनाती है।
पत्रकारिता का उद्देश्य केवल समाचार देना नहीं, बल्कि सत्य को सामने लाना, जनसमस्याओं को आवाज देना और राष्ट्र के विकास में सकारात्मक योगदान करना भी है। एक सशक्त, निर्भीक, विश्वसनीय और जिम्मेदार प्रेस ही स्वस्थ लोकतंत्र की वास्तविक पहचान है।