वोट चोरी के खिलाफ 1 नवंबर को रामलीला मैदान में गरजेगा इंडिया गठबंधन
एबीएन सेंट्रल डेस्क। वोट चोरी के मुद्दे पर कांग्रेस और इंडिया गठबंधन द्वारा 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में बुलायी गयी महारैली को लेकर लोहरदगा सांसद सह छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। सांसद श्री भगत ने कहा कि भाजपा कह रही है कि मोदी जायेंगे नहीं, तो इस पर उन्होंने कहा कि मैं बहुत स्पष्टता से कहना चाहता हूं, मोदी जी कहीं नहीं जायेंगे, वो देश की जनता का हिसाब चुकायेंगे।
हमने नारा बना दिया है मोदी जायेंगे नहीं, हिसाब चुकायेंगे। आप इसे नारा कह लें, लेकिन ये सिर्फ नारा नहीं, ये जनता की भावना है, लोगों के दिल की बात है। श्री भगत ने कहा कि वोट चोरी लोकतंत्र की चोरी है। जब वोट की चोरी होगी तो संविधान, आरक्षण और जनता के अधिकारों की भी चोरी होगी।
इसीलिए कांग्रेस सहित इंडिया गठबंधन के तमाम नेता एक नवंबर को सड़क पर उतरकर रामलीला मैदान से इस लड़ाई का शंखनाद करेंगे। उन्होंने कहा कि यह रैली ऐतिहासिक होगी और पूरे देश से लोग इस वोट चोरी के खिलाफ आवाज बुलंद करने दिल्ली पहुंचेंगे।