28-29 अक्टूबर का कार्यक्रम अब 4-5 नवंबर को प्रस्तावित, ओडिसा के मुख्य सचिव कार्यालय ने की पुष्टि
रायरंगपुर, मां किचकेश्वरी मंदिर और गोरुमहिषाणी जाने की थी योजना
एबीएन न्यूज नेटकवर्क, जमशेदपुर। बंगाल की खाड़ी में संभावित चक्रवाती तूफान और प्रतिकूल मौसम के पूर्वानुमान को देखते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का 28 और 29 अक्टूबर को प्रस्तावित ओडिशा दौरा स्थगित कर दिया गया है। ओडिशा के मुख्य सचिव कार्यालय के एक अधिकारी ने इसकी पुष्टि की है। मयूरभंज जिला प्रशासन के अनुसार, दौरा रद्द नहीं हुआ है, बल्कि नयी तारीखों के साथ इसे 4 और 5 नवंबर को निर्धारित किया गया है।
राष्ट्रपति को अपने गृह जिले मयूरभंज के रायरंगपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होना था। प्रस्तावित कार्यक्रम में बहरलदा स्थित मां किचकेश्वरी मंदिर में दर्शन और गोरुमहिषाणी का दौरा भी शामिल था। मौसम की स्थिति और सुरक्षा संबंधी तैयारियों को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम में बदलाव किया गया है।
चक्रवात की आशंका, 28 अक्टूबर को तट से टकराने का अनुमान
मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहा कम दबाव का क्षेत्र चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के पूवार्नुमान का हवाला देते हुए बताया गया है कि तूफान के 28 अक्टूबर की सुबह उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटवर्ती क्षेत्र के आसपास पहुंचने की आशंका है। हालांकि, तूफान की वास्तविक दिशा और प्रभाव मौसम की आगे की स्थिति पर निर्भर करेंगे।
रेलवे के कार्यक्रमों पर भी असर संभव
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर चक्रधरपुर रेल मंडल के अंतर्गत रायरंगपुर और बादामपहाड़ रेलवे स्टेशनों से जुड़े कार्यक्रमों की तैयारियां भी चल रही थीं। दोनों स्टेशन अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित किए गए हैं। दौरे की तारीख बदलने के बाद इन कार्यक्रमों के संबंध में संशोधित निदेर्शों का इंतजार रहेगा।
राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर मयूरभंज में स्थानीय प्रशासन और अन्य संबंधित पक्ष तैयारियों में जुटे थे। नयी तारीखों के अनुसार कार्यक्रमों में आवश्यक बदलाव किये जायेंगे। प्रशासन के लिए फिलहाल मौसम की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था प्राथमिकता है।