Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
लाइव: 6
होम देश झारखंड खेल समाचार राज काज कानून व्यवस्था करियर बिजनेस वर्ल्ड हेल्थ विचार ज्ञान विज्ञान समाज वन और पर्यावरण मनोरंजन बिहार विज्ञापन
देश

इंडियन रेलवे : ट्रेन में सफर या चूहों से जंग!

शेयर करें: WhatsApp Facebook X Back to ePaper
इंडियन रेलवे : ट्रेन में सफर या चूहों से जंग!
विज्ञापन
  • ट्रेन में सफर या चूहों से जंग? 
    फर्स्ट एसी तक पहुंची समस्या, यात्रियों ने उठाए रेलवे की व्यवस्था पर सवाल
  • दौड़ते रहे चूहे; रेलवे की पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था पर सवाल

एबीएन न्यूज नेटवर्क, धनबाद। रेलवे की प्रीमियम ट्रेनों में यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सफर देने के दावों के बीच फर्स्ट एसी कोच तक चूहों के पहुंचने की शिकायतों ने व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिये हैं। 

पिछले कुछ दिनों में पाटलिपुत्र एक्सप्रेस, हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस और हावड़ा-कालका नेताजी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में यात्रियों ने चूहों की मौजूदगी की शिकायत की है। कई यात्रियों ने वीडियो बनाकर रेलवे तक मामला पहुंचाया और तत्काल पेस्ट कंट्रोल की मांग की।

हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस में महिला यात्री परेशान

3 अक्टूबर को हटिया-इस्लामपुर एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में सफर कर रही एक महिला यात्री को रातभर चूहे की गतिविधियों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। परिवार के सदस्य ने रेल मदद के माध्यम से शिकायत दर्ज कराते हुए कोच में पेस्ट कंट्रोल कराने की मांग की। शिकायत के बाद संबंधित स्टाफ को मामले की जानकारी देने की बात कही गई।

पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में रात एक बजे बनाया वीडियो

4 अक्टूबर की रात पटना से हटिया जा रही पाटलिपुत्र एक्सप्रेस में भी चूहे ने यात्रियों की नींद उड़ा दी। एक यात्री ने रात करीब एक बजे चूहे का वीडियो बनाकर शिकायत की। यात्री के मुताबिक ऊपरी बर्थ पर होने के बावजूद चूहा उसके आसपास घूमता रहा, जिससे पूरी रात परेशानी बनी रही।

नेताजी एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी में भी चूहों की शिकायत

हावड़ा-कालका नेताजी एक्सप्रेस के ए-1 और ए-2 कोच में भी 4 अक्टूबर को यात्रियों ने चूहों की शिकायत की। यात्रियों का आरोप है कि चूहे बर्थ और शरीर के आसपास तक घूमते रहे। पेस्ट कंट्रोल की मांग पर आॅन-बोर्ड हाउसकीपिंग स्टाफ की ओर से कथित तौर पर बताया गया कि उनके पास कॉकरोच के लिए स्प्रे है, लेकिन चूहों के लिए तत्काल कोई व्यवस्था नहीं है।

कॉकरोच से भी यात्री परेशान

समस्या केवल चूहों तक सीमित नहीं है। पटना से बरकाकाना जा रही पलामू एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में भी एक यात्री ने कॉकरोच से परेशान होने की शिकायत की। शिकायत के बाद पेस्ट कंट्रोल की कार्रवाई किये जाने की जानकारी सामने आयी।

रेलवे ने कहा— रोकथाम के लिए किये जा रहे निर्धारित उपाय

हावड़ा रेल मंडल ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए मामले की जांच की बात कही है। रेलवे के अनुसार ट्रेनों में कीड़े-मकौड़ों और चूहों की रोकथाम के लिए निर्धारित उपाय किये जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि इन व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को स्वच्छ और आरामदायक सफर उपलब्ध कराया जा सके।

हालांकि, लगातार अलग-अलग ट्रेनों से चूहों और कॉकरोच की शिकायतें सामने आने से रेलवे की रोडेंट कंट्रोल और पेस्ट कंट्रोल व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं। खासकर फर्स्ट एसी जैसे प्रीमियम कोच में ऐसी स्थिति सामने आना यात्रियों की स्वच्छता, सुरक्षा और यात्रा सुविधा को लेकर गंभीर चिंता पैदा करता है। सवाल यह है कि जब चूहे फर्स्ट एसी तक पहुंच रहे हैं, तो नियमित पेस्ट कंट्रोल और रोडेंट कंट्रोल की व्यवस्था आखिर कितनी प्रभावी है?

विज्ञापन