कोलकाता में ग्राहक पंचायत सदस्यों पर हमले के विरोध में प्रस्ताव पारित
टीम एबीएन, रांची। अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद की बैठक 1 एवं 2 अक्टूबर को बारामती, पुणे (महाराष्ट्र) में आयोजित हुई। बैठक में देशभर के 38 प्रांतों के कार्यकारिणी सदस्यों ने सहभागिता की। झारखंड प्रांत से छह प्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लेकर विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री शिवाजी क्रांति, संगठन मंत्री वी. प्रभु, झारखंड प्रांत की अध्यक्ष डॉ. कल्याणी कबीर, उपाध्यक्ष ऐंजिल उपाध्याय, सचिव डॉ. अमूल्य पाल तथा सहसचिव एवं हजारीबाग के मेयर अरविंद राणा उपस्थित रहे।
दो दिवसीय बैठक में कुल नौ सत्र आयोजित किये गये। मुख्य अतिथि एग्रीकल्चर डेवलपमेंट ट्रस्ट, बारामती के अध्यक्ष श्री राजेंद्र दिनकर राव पवार रहे। विभिन्न सत्रों में अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के अध्यक्ष श्री नारायणभाई शाह, सचिव श्री जयंत कथीरिया, उपाध्यक्ष श्री अशोक पांडे सहित अन्य पदाधिकारियों ने मार्गदर्शन किया।
अध्यक्ष नारायणभाई शाह ने एमआरपी एवं यूपीआई से संबंधित विसंगतियों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए मार्गदर्शन सेवा केंद्रों को मजबूत करने पर भी बल दिया। उपाध्यक्ष श्री अशोक पांडे ने कहा कि ग्राहक पंचायत एक समन्वयवादी संगठन है और कार्यकर्ताओं को सकारात्मक एवं रचनात्मक दृष्टिकोण के साथ समाजहित में कार्य करना चाहिए।
अरुण देशपांडे ने अभ्यास मंडल की कार्यपद्धति एवं गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। बैठक में कोलकाता में ग्राहक पंचायत के सदस्यों के साथ हुई हिंसक घटना तथा हिंदुत्व के विरोध में लगाए गए नारों के संबंध में विरोध प्रस्ताव पारित किया गया।
इस अवसर पर झारखंड प्रांत की ओर से तैयार किए गए ग्राहक जागरण पत्रक का विमोचन भी किया गया। हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में तैयार इस पत्रक का वितरण देशभर से आए प्रतिनिधियों के बीच किया गया। पत्रक के माध्यम से उपभोक्ता अधिकारों, जागरूकता तथा ग्राहक पंचायत की गतिविधियों से संबंधित जानकारी को व्यापक स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
बैठक में ग्राहक पंचायत के विभिन्न आयामों की आगामी योजनाओं एवं कार्यक्रमों तथा प्रस्तावित राष्ट्रीय कार्यशाला की जानकारी भी दी गई। राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद की बैठक में उपभोक्ता जागरूकता और संगठन के आगामी कार्यों से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उक्त जानकारी अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, झारखंड प्रांत के सचिव डॉ. अमूल्य पाल ने दी।