सीडब्ल्यूसी बैठक के बाद प्रभारी सुखदेव भगत का बड़ा बयान
राहुल गांधी के मुद्दे सच साबित हो रहे हैं
एबीएन न्यूज नेटवर्क, लोहरदगा। कांग्रेस पार्टी की सर्वोच्च कमेटी सीडब्ल्यूसी बैठक में लोहरदगा लोकसभा के माननीय सांसद सह छत्तीसगढ़ के प्रभारी सुखदेव भगत ने बैठक में भाग लिया। भाग लेने के बाद सुखदेव भगत ने कहा कि राहुल गांधी जी जिन मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं, वे अब सच साबित हो रहे हैं।
श्री भगत ने कहा कि यह सिर्फ किसी एक व्यक्ति का मामला नहीं है; यह संवैधानिक संस्था, चुनाव आयोग के कामकाज और उसमें व्याप्त भ्रष्टाचार का मामला है, चाहे वह ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में हो या राजीव कुमार के नेतृत्व में। यह भ्रष्टाचार दीमक की तरह पूरे सिस्टम को खोखला कर रहा है।
उन्होंने कहा किकांग्रेस पार्टी के रूप में, जिसने देश की स्वतंत्रता के लिए संघर्ष किया है, इन संस्थाओं की रक्षा करना आज भी हमारी जिम्मेदारी है। राहुल गांधी द्वारा उठाए गए कदमों की सीडब्ल्यूसी में सभी ने सराहना की है और उन्हें बधाई दी है, और हम उनके नेतृत्व में इस एजेंडा को आगे बढ़ाते रहेंगे।
इंडिया गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि पूरी इंडिया ब्लॉक टीम कल बैठक करेगी, हालांकि कांग्रेस पार्टी हर मोर्चे पर लड़ने में पूरी तरह सक्षम है। हमने अतीत में भी ऐसी पहल की है और भविष्य में भी करते रहेंगे।