लोहरदगा के लोकसभा सांसद का भाजपा सरकार पर बड़ा हमला
हसदेव अरण्य के तारा कोल ब्लॉक की नीलामी पर प्रभारी सुखदेव भगत बोले - आदिवासी मुख्यमंत्री ने आत्मा कॉरपोरेट घरानों के पास गिरवी रख दी, जल-जंगल-जमीन से विश्वासघात
एबीएन सेंट्रल डेस्क। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी एवं लोहरदगा सांसद श्री सुखदेव भगत ने राजीव भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए हसदेव अरण्य क्षेत्र में कोल ब्लॉक नीलामी को लेकर राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया। श्री भगत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जाति-धर्म की बात नहीं करती, लेकिन यह कहना जरूरी है कि मुख्यमंत्री जी शारीरिक रूप से आदिवासी हैं, लेकिन उनकी आत्मा, उनके कृत्य और कार्यशैली उन्होंने कॉरपोरेट घरानों के पास गिरवी रख दी है।
उन्होंने कहा कि जल-जंगल-जमीन हमारा है यह कांग्रेस के लिए सिर्फ नारा नहीं, बल्कि कमिटमेंट और प्रतिबद्धता है। उन्होंने हसदेव अरण्य क्षेत्र के तारा कोल ब्लॉक का जिक्र करते हुए कहा कि विधानसभा से सर्वसम्मति से, जिसमें भाजपा के सभी सदस्य शामिल थे, प्रस्ताव पारित हुआ था कि हसदेव अरण्य में किसी भी कोल ब्लॉक का आवंटन या नीलामी नहीं होगी।
इसके बाद 19 अक्टूबर 2023 को कोयला मंत्रालय ने तारा सहित 40 कोल ब्लॉकों को नीलामी प्रक्रिया से डिनोटिफाई कर दिया था। श्री भगत ने सवाल उठाया कि सरकार बताए ऐसी कौन सी स्थिति आ गयी कि फिर से नीलामी की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी? प्रधानमंत्री कहते हैं एक पेड़ मां के नाम, तो क्या भाजपा सरकार ने सारा जंगल अडानी के नाम कर दिया है?
उन्होंने बताया कि तारा ब्लॉक लगभग 5 हजार एकड़ में फैला है, जिसमें एक हजार एकड़ से अधिक घना रिजर्व फॉरेस्ट है। हसदेव के जंगलों में लाखों पेड़ों का कटना पर्यावरण और आदिवासी जीवन पर सीधा हमला है। श्री भगत ने कहा कि कांग्रेस इस लड़ाई को सड़क से सदन तक लड़ेगी और आदिवासियों के जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए किसी भी कीमत पर पीछे नहीं हटेगी।