टीम एबीएन, रांची। दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित बीकानेरवाला रेस्टोरेंट में अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के तत्वावधान में आगामी 10 अक्टूबर को लालकिले पर आयोजित होने वाले ऐतिहासिक महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी। बैठक में समारोह को भव्य एवं व्यवस्थित रूप से आयोजित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गयी।
बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री गोपाल गोयल, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष नत्थूराम जैन, भामाशाह एवं दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष आरसी गोयल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनोज गर्ग, महिला सम्मेलन इकाई की चेयरपर्सन रेखा गुप्ता, राष्ट्रीय संगठन मंत्री विनोद गुप्ता, राष्ट्रीय मंत्री एडवोकेट योगेश गुप्ता, दिल्ली प्रदेश चेयरमैन सीए हरीश जी, दिल्ली प्रदेश महामंत्री नटवर लाल अग्रवाल, राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य प्रेरणा गुप्ता एवं संरक्षक सदस्य सुशील बंसल जी सहित प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में 10 अक्टूबर को लालकिले पर आयोजित होने वाले महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। इनमें टेंट एवं सजावट, अतिथियों की सूची, बैठने की व्यवस्था, आयोजन समिति का गठन, भोजन व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
पदाधिकारियों ने समारोह को भव्य, ऐतिहासिक एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आपसी समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। बैठक के साथ ही महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ हो गया है और अब तैयारियां जोर-शोर से आगे बढ़ायी जायेंगी। उक्त जानकारी अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, नई दिल्ली के राष्ट्रीय मंत्री मनोज बजाज ने दी।