- पिपरई मंदिर घटना को लेकर संत रामपाल जी महाराज के अनुयायियों में रोष
- एसपी और कलेक्टर से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग
कमल सिंह लोधा
एबीएन सेंट्रल डेस्क, अशोकनगर। पिपरई तहसील स्थित बालाजी मंदिर में 5 सितंबर 2026 को हुई घटना को लेकर संत रामपाल जी महाराज के अनुयायियों ने जिला प्रशासन के समक्ष अपनी आपत्ति दर्ज कराते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।
अनुयायियों ने कलेक्टर और एसपी को दिए ज्ञापन में आरोप लगाया कि घटना के आरोपी नीलेश लोधी को सोशल मीडिया पर संत रामपाल जी महाराज का अनुयायी बताया जा रहा है, जबकि उनके अनुसार यह दावा गलत है। ज्ञापन में कहा गया कि आरोपी लंबे समय से बालाजी मंदिर से जुड़ा हुआ था और मंदिर में रामायण पाठ भी करता था।
अनुयायियों का कहना है कि आरोपी के परिवार के कुछ सदस्य संत रामपाल जी महाराज के अनुयायी हैं, लेकिन इसी आधार पर आरोपी को भी उनका अनुयायी बताकर सोशल मीडिया पर प्रचारित किया जा रहा है। इससे जिले के अनुयायियों में नाराजगी है।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि कुछ अज्ञात लोगों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से संत रामपाल जी महाराज और उनके अनुयायियों को घटना से जोड़कर बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही, कुछ लोगों द्वारा अनुयायियों के घर जाकर कथित रूप से धमकी दिए जाने की बात भी कही गई है।
अनुयायियों ने जिला प्रशासन से मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने तथा धमकी देने वालों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही, किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए अनुयायियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।