पीएम मोदी के जन्मदिन से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, एक महीने तक चलेंगे कार्यक्रम
एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में भाजपा देश भर में एक महीने का सेवा संकल्प अभियान शुरू करेगी। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह अभियान हर साल 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर मनाये जाने वाले सेवा पखवाड़ा का विस्तार होगा।
श्री तावड़े ने कहा, हर साल भारतीय जनता पार्टी 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देश भर में सेवा पखवाड़ा मनाती है। मोदी जी का व्यक्तित्व ऐसा है कि वे हर पल सेवा में लगे रहते हैं। स्वाभाविक रूप से पिछले कुछ वर्षों से भाजपा सेवा पखवाड़ा मना रही है।
विनोद तावड़े ने बताया कि 7 अक्टूबर 2021 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इस साल 7 अक्टूबर को उस ऐतिहासिक अवसर के 25 साल पूरे हो जायेंगे। इसी को ध्यान में रखते हुए भाजपा ने सेवा पखवाड़ा के साथ साथ एक महीने का सेवा संकल्प अभियान चलाने का फैसला किया है।
सेवा सेतु अभियान में क्या होगा
पार्टी इस दौरान सेवा सेतु अभियान भी चलायेगी। इसके तहत उन लोगों की मदद की जाएगी जो दस्तावेजों की कमी या अन्य समस्याओं के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। तावड़े ने बताया कि ब्लाक स्तर पर 15 दिनों तक संबंधित विभागों के अधिकारी जरूरी कागजों के साथ मौजूद रहेंगे।
विनोद तावड़े ने कहा, अगर किसी का नाम आयुष्मान योजना में छूट गया है, तो वह वहां आकर फार्म भर सकता है। अगर पीएम किसान सम्मान निधि में कोई दिक्कत है, तो उसे इन दिनों में ठीक कराया जा सकता है। सेवा सेतु अभियान के जरिए सभी को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का प्रयास होगा।
युवाओं के लिए क्या विशेष
भाजपा इस दौरान नेशनल इनोवेशन चैलेंज भी आयोजित करेगी। इसका मकसद युवाओं को स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए शोध और नवाचार के लिए प्रोत्साहित करना है। ब्लाक, जिला और राज्य स्तर पर युवाओं के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी। बड़े राज्यों में ऐसे कार्यक्रम प्रमुखता से होंगे।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का होगा सम्मान
अभियान के तहत आंगनवाड़ी सम्मान और मातृ संवाद कार्यक्रम भी होगा। देश भर के 14 लाख से ज्यादा केंद्रों पर जाकर भाजपा कार्यकर्ता आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करेंगे। तावड़े ने कहा कि सरकारी योजनाओं को जमीन पर आखिरी बच्चे तक पहुंचाने में इन कार्यकर्ताओं की बड़ी भूमिका होती है।