एबीएन सेंट्रल डेस्क। कानपुर से भागलपुर तक चलने वाली बाबा धाम स्पेशल ट्रेन कल शनिवार देर रात सिल्ली-बोकारो रेलखंड पर हादसे का शिकार हो गयी। ट्रेन संख्या 08895 श्रावणी मेला स्पेशल की इंजन से तीसरी बोगी अचानक पटरी से नीचे उतर गयी।
ट्रेन में यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी यात्री के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे के अनुसार ट्रेन श्रावणी मेला से यात्रियों को लेकर मधुपुर की ओर जा रही थी।
रात करीब 2:30 बजे पोल संख्या 354/ एसए 4 के पास इंजन से तीसरी बोगी, कोच नंबर एसईसी 64776, बेपटरी हो गयी। घटना के बाद यात्रियों को तेज झटका महसूस हुआ और कुछ देर के लिए ट्रेन में अफरा-तफरी की स्थिति बनी। हालांकि रेलवे ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित कर लिया।