Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
देश

मोदी सरकार ने मालदीव को दिया बड़ा तोहफा

मोदी सरकार ने मालदीव को दिया बड़ा तोहफा
विज्ञापन
  • मोदी सरकार ने मालदीव को दिया बड़ा तोहफा
  • 42 द्वीपों पर बनेंगे आधुनिक फिटनेस सेंटर, विदेश मंत्री इरुथिशम ने जताया आभार

एबीएन सेंट्रल डेस्क। भारत और मालदीव के रिश्तों को नई मजबूती देते हुए भारत ने मालदीव के 42 द्वीपों पर आधुनिक फिटनेस और मनोरंजन केंद्र विकसित करने के लिए अनुदान सहायता प्रदान की है। इस परियोजना का उद्देश्य द्वीपीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों, विशेषकर महिलाओं, लड़कियों और युवाओं के लिए बेहतर स्वास्थ्य और फिटनेस सुविधाएं उपलब्ध कराना है। रविवार को राजधानी माले में आयोजित एक विशेष समारोह में दोनों देशों के बीच इस परियोजना से जुड़े समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किये गये। 

मौके पर मालदीव की विदेश मंत्री इरुथिशम एडम, भारत के उच्चायुक्त जी. बालासुब्रमण्यन तथा मालदीव के युवा सशक्तीकरण, खेल एवं फिटनेस मंत्री अब्दुल्ला राफियू मौजूद रहे। समझौते के तहत भारत मालदीव के 42 द्वीपों में फिटनेस और मनोरंजन केंद्रों के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध करायेगा। इन केंद्रों का उद्देश्य लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और स्थानीय समुदायों के स्वास्थ्य स्तर में सुधार लाना है।

परियोजना में महिलाओं, युवाओं और लड़कियों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी ताकि उन्हें खेल और फिटनेस से जुड़ने के बेहतर अवसर मिल सकें। यह परियोजना भारत की उच्च प्रभाव सामुदायिक विकास परियोजना के तहत संचालित की जा रही है। समय के साथ इस योजना का कुल बजट बढ़ाकर 35.5 करोड़ मालदीवी रूफिया (करीब 2.29 करोड़ अमेरिकी डॉलर) कर दिया गया है। मालदीव की विदेश मंत्री इरुथिशम एडम ने इस पहल को द्वीपीय समुदायों के स्वास्थ्य और कल्याण के लिए महत्वपूर्ण निवेश बताया। 

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से महिलाओं के सशक्तीकरण, सामाजिक समावेशन और समान अवसरों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही उन्होंने भारत सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस. जयशंकर का लगातार सहयोग के लिए धन्यवाद भी दिया। भारत लंबे समय से मालदीव का प्रमुख विकास साझेदार रहा है। दोनों देशों के बीच स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, परिवहन, कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचा विकास जैसे कई क्षेत्रों में सहयोग जारी है।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 30,211