ट्रेन की एसी बोगी के टॉयलेट में तस्करी का बंकर! गंगा-दामोदर एक्सप्रेस की छत खोल आरपीएफ ने जब्त की बीयर
एबीएन सेंट्रल डेस्क। अभी तक आपने ट्रक, एंबुलेंस और लग्जरी गाड़ियों में छिपाकर शराब की तस्करी करने की खबरें देखीं, पढ़ीं और सुनी होंगी। लेकिन क्या आप जानते हैं कि एक्सप्रेस ट्रेनों के एसी कोच में भी सीक्रेट बंकर बनाकर शराब बिहार तक पहुंचाई जा रही है? ऐसे ही एक शातिर नेटवर्क की खेप को धनबाद आरपीएफ ने रंगे हाथों पकड़ा है, जिसे गंगा-दामोदर एक्सप्रेस ट्रेन के एसी कोच में बाथरूम की छत के भीतर छिपाया गया था।
बंकर खुला तो उड़ गये होश
शुक्रवार को गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए जब आरपीएफ की टीम ने एसी बोगी में चढ़कर बाथरूम की छत को खोला तो उसमें से बीयर कैन की एक-दो नहीं, बल्कि तीन पेटियां बरामद हुईं, जिसे तुरंत जब्त कर लिया गया। तस्करी का यह तरीका अधिकारियों को भी हैरान कर रहा था।
तीन राज्यों का मजबूत सिंडिकेट सक्रिय
इस जब्ती के बाद आरपीएफ ने रेलवे चार्ट, यात्रा रिकॉर्ड और स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए, जिसमें महत्वपूर्ण जानकारी सामने आयी। पता चला कि इस तस्करी के पीछे तीन राज्यों का एक मजबूत सिंडिकेट सक्रिय है। शराब की ये खेपें पश्चिम बंगाल के कुल्टी व सीतारामपुर, उत्तर प्रदेश के बलिया व बनारस और झारखंड के धनबाद व हजारीबाग से ट्रेनों में लोड की जाती हैं, जो बाद में बिहार तक पहुंचती हैं।
आरपीएफ ने बताया कि इनके स्थानीय एजेंटों का नेटवर्क इतना मजबूत है कि उन्हें रेलवे की चेकिंग टाइमिंग और रूट्स की सटीक जानकारी होती है, जिससे वे आम दिनों में बच निकलते हैं। फिलहाल, धनबाद आरपीएफ ने बरामद शराब को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है।