Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
देश

बंगाल में सरकार युग का शुभारंभ

शेयर करें: WhatsApp Facebook X
बंगाल में सरकार युग का शुभारंभ
विज्ञापन

एबीएन सेंट्रल डेस्क (कोलकाता)। भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराने वाले भाजपा के दिग्गज नेता शुभेंदु अधिकारी बंगाल में पार्टी के पहले मुख्यमंत्री बन गये हैं। शनिवार को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में राज्यपाल आरएन रवि ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। उनके साथ पांच अन्य विधायकों को मंत्री पद की शपथ दिलायी गयी। जिन्होंने शपथ ली उनमें दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, क्षुदीराम टुड्डू और नीशीथ प्रमाणिक शामिल हैं। 

ऐतिहासिक और भव्य शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, अध्यक्ष नितिन नवीन, सम्राट चौधरी, योगी आदित्यनाथ समेत 20 राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री पहुंचे थे। राज्य में आजादी के बाद पहली बार भाजपा की सरकार के गठन के साथ राजनीति का एक नया अध्याय शुरू हुआ है और तृणमूल कांग्रेस के 15 वर्ष के शासन का अंत हो गया। 

कैबिनेट में आदिवासी, महिला को भी स्थान 

छह सदस्यीय कैबिनेट में एक मुख्यमंत्री और पांच मंत्री शामिल किये गये हैं। कैबिनेट में एक महिला और एक आदिवासी को जगह मिली है। पांच मंत्रियों के चयन में सामाजिक सामंजस्य दिखता है। शपथ लेने वाले मंत्रियों में खुदीराम टुडू भी शामिल थे। दिलीप-अग्निमित्र के बाद उनके नाम की घोषणा की गयी। आदिवासी नेता ने पूरे देश के नेताओं के सामने शपथ ली। उन्होंने बेहद अनौपचारिक तरीके से शपथ ग्रहण किया। भाजपा ने जंगलमहल के प्रतिनिधि और रानीबांध से विधायक को पूर्णकालिक मंत्री बना दिया।  

मोदी ने किया सबको दंडवत 

शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पीएम मोदी मंच पर घुटनों के बल बैठे और बंगाल के समर्थकों और कार्यकर्ताओं को दंडवत प्रमाण किया। इसके साथ ही पीएम ने 98 वर्ष के भाजपा के बुजुर्ग नेता माखनलाल सरकार के पैर छुए। शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। 1952 के कश्मीर आंदोलन के दौरान माखनलाल को गिरफ्तार कर लिया गया था। वे श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ तिरंगा फहराने गये थे। 

पीएम और नये सीएम ने गुरुदेव रवींद्र नाथ टैगोर को नमन किया। समारोह में मंच पर गुरुदेव टैगौर की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किये। पीएम मोदी ने ग्राउंड की एंट्री से मंच तक रोड शो किया। इस दौरान उनके साथ समिक भट्टाचार्य और शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद थे। बंगाली कैलेंडर के मुताबिक पोचिसे बोइशाख के दिन (9 मई) गुरुदेव की 165वीं जयंती है। भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती और पीएम मोदी शपथ ग्रहण समारोह के दौरान बातचीत करते हुए नजर आये। 

सोनार बांग्ला का नया दौर : शुभेंदु 

शुभेंदु ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने संदेश में कहा कि पश्चिम बंगाल में अब सोनार बांग्ला के नये दौर की आधिकारिक शुरुआत हो रही है। उन्होंने शपथ के बाद पीएम मोदी का पैर छूकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने पश्चिम बंगाल के पुनर्निर्माण का संकल्प लेते हुए कहा कि भाजपा सरकार राज्य की जनता की आकांक्षाओं को पूरा करेगी। सुब्रत गुप्ता को सीएम का सलाहकार बनाया गया है। वे चुनाव में विशेष पर्यवेक्षक थे। शुभेंदु कैबिनेट में संघ का प्रभाव दिखा। कैबिनेट में महिला और आदिवासी के साथ मतुआ को भी जगह मिली।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 44,641