- 22 को खुल जायेंगे बाबा केदार के कपाट
- 22 अप्रैल को खोले जाएंगे केदारनाथ धाम के कपाट
एबीएन सेंट्रल डेस्क। 19 अप्रैल से उत्तराखंड की चार धाम यात्रा शुरू हो चुकी है। सबसे पहले गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट 19 अप्रैल को विधि विधान से खोले गये। इसके बाद केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल सुबह 8 बजे श्रद्धालुओं के लिए खोल दिये जायेंगे। कपाट खोले जाने को लेकर सभी तरह की तैयारी जोरों-शोरों से चल रही है। खासकर केदारनाथ मंदिर को फूलों से सजाया जा रहा है। बता दें कि केदारनाथ मंदिर को करीब 51 क्विंटल फूलों से सजाया जा रहा है।
केदारनाथ धाम के कपाट खोले जाने को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं फिर चाहे पैदल मार्ग हो या अन्य जरूरी सुविधाएं जैसे बिजली, पानी, स्वास्थ्य सभी को दुरुस्त किया जा रहा है। केदारनाथ धाम में श्रद्धालु पहुंचने लग गये हैं। इस बार केदारनाथ धाम में करीब 51 क्विंटल फूल लगभग 75 खच्चरों से धाम में पहुंचाया गया है। यह 51 क्विंटल फूल केदारनाथ मंदिर को सजाने के लिए मांगे गये हैं।
ये फूल दिल्ली और पश्चिम बंगाल से आए हैं। इस दौरान केदारनाथ धाम पहुंचे श्रद्धालु मंदिर को सजाने वालों के साथ कर सेवा कर रहे हैं। इस दौरान लोगों का कहना है कि मंदिर को सजाना भी एक तरह से शिव भक्ति ही है या उनका सौभाग्य है कि उनको भगवान के मंदिर को सजाने का मौका मिला है।