जी राम जी विधेयक का लक्ष्य सामाजिक सुरक्षा से पीछे हटना नहीं बल्कि इसे नये रूप में मजबूत बनाना है : मोदी
एबीएन सेंट्रल डेस्क। विकसित भारत जी राम जी विधेयक को लेकर विपक्ष के कड़े विरोध के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि इस विधेयक का लक्ष्य सामाजिक सुरक्षा से पीछे हटना नहीं है बल्कि इसे नये सिरे से मजबूत बनाना है। उन्होंने कहा कि विधेयक का लक्ष्य रोजगार गारंटी बढाना, स्थानीय योजना को शामिल करना, मजदूरों की सुरक्षा और खेती की उत्पादकता के बीच संतुलन बनाना और ग्रामीण आजीविका व्यवस्था को बदलना है।
श्री मोदी ने इस विधेयक के बारे में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के एक लेख को शनिवार को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए एक पोस्ट में यह बात कही। प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री सिंह ने लेख में विधेयक के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला है। उन्होंने लोगों से इस लेख को पढ़ने की अपील की है।
पोस्ट में उन्होंने कहा कि इस जरूर पढ़े जाने वाले लेख में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान बताते हैं कि विकसित भारत जी राम जी बिल का लक्ष्य रोजगार गारंटी को बढ़ाकर, स्थानीय योजनाओं को शामिल करके, मजदूरों की सुरक्षा और खेती की उत्पादकता के बीच संतुलन बनाकर, योजनाओं को मिलाकर, फ्रंटलाइन क्षमता को मजबूत करके और शासन को आधुनिक बनाकर ग्रामीण आजीविका को बदलना है। वह इस बात पर जोर देते हैं कि यह बिल सामाजिक सुरक्षा से पीछे हटना नहीं है- यह इसका नवीनीकरण है।