एबीएन सेंट्रल डेस्क। देश में लगातार कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार शाम अहम बैठक करेंगे। सूत्रों के मुताबिक पीएम मोदी शाम 4.30 होने वाली बैठक में देश में कोरोना से बने हालात की समीक्षा करेंगे। बता दें कि महाराष्ट्र, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, तमिलनाडु समेत कई राज्यों में रोजाना बड़ी संख्या में कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं। देश में ओमिक्रोन वेरिएंट के भी 3600 से ज्यादा मामलों की पुष्टि हुई है।
बंगाल में कोरोना संक्रमण बेकाबू : पश्चिम बंगाल देश के उन राज्यों की सूची में शामिल हो गया है जहां कोरोना के सबसे ज्यादा सक्रिय मामले हैं। राज्य में कोरोना के 51 हजार से ज्यादा ऐक्टिव केस हैं। महाराष्ट्र के बाद बंगाल दूसरा राज्य है जहां कोरोना सक्रिय मरीजों की संख्या सबसे ज्यादा है।
तमिलनाडु में लॉकडाउन : तमिलनाडु में बेकाबू होते कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर की चेन तोडने के लिए आज पूर्ण रूप से राज्य में लॉकडाउन है।
11 बार कोरोना का टीका लेने का दावा करने वाले पर मुकदमा दर्ज : बिहार के 84 साल के बुजुर्ग ब्रह्मदेव मंडल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। हाल ही में उन्होंने 11 बार कोरोना का टीका लेने का दावा किया था। पुरैनी थाना प्रभारी ने बताया कि पुरैनी पीएचसी ने ब्रह्मदेव मंडल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।