अब इन 2 शहरों के बीच दौड़ेगी बुलेट ट्रेन, 12 घंटे का सफर सिर्फ 2.20 घंटे में होगा पूरा
एबीएन सेंट्रल डेस्क। चेन्नई-हैदराबाद के लोगों का जल्द ही बुलेट ट्रेन का सपना साकार होगा। दक्षिण मध्य रेलवे ने हैदराबाद-चेन्नई हाई-स्पीड रेल परियोजना की अंतिम रिपोर्ट तमिलनाडु सरकार को सौंप दी है। इससे दोनों शहरों के बीच यात्रा में क्रांतिकारी बदलाव आयेगा।
वर्तमान में, हैदराबाद से चेन्नई तक ट्रेन से यात्रा करने में लगभग 12 घंटे लगते हैं। नई हाई-स्पीड लाइन उपलब्ध होने के बाद, यह समय घटकर केवल 2:20 घंटे रह जायेगा। तमिलनाडु सरकार के अनुरोध पर गुडूर होते हुए पूर्व योजना में बदलाव किया गया और तिरुपति में एक स्टेशन जोड़ा गया।
तमिलनाडु राज्य में कुल दो स्टेशन प्रस्तावित थे। चेन्नई सेंट्रल और चेन्नई रिंग रोड स्टेशन तमिलनाडु में होंगे। हालांकि, व्यापार और परिवहन की सुविधा के लिए, रेलवे ने प्रत्येक स्टेशन के आसपास लगभग 50 एकड़ जमीन का अनुरोध किया है।
चेन्नई यूनिफाइड मेट्रोपॉलिटन ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी ने कहा है कि सरकार द्वारा व्यापक परियोजना रिपोर्ट को मंजूरी मिलने के एक महीने के भीतर वह अंतिम निर्णय लेगी। इस हाई-स्पीड नेटवर्क में तमिलनाडु में 12 किलोमीटर लंबी सुरंग होगी।
रेलवे अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस परियोजना के लिए कुल 223.44 हेक्टेयर भूमि की आवश्यकता होगी, जिसमें से कोई वन भूमि नहीं ली जायेगी। इस मार्ग को लगभग 65 सड़कों और 21 उच्च-तनाव वाली बिजली लाइनों से होकर गुजरेगी। यह परियोजना की रूप रेखा सरकारी परामर्श फर्म राइट्स लिमिटेड द्वारा किए गए सर्वेक्षणों के आधार पर तैयार किया गया है।
यह दक्षिण में नियोजित दो हाई-स्पीड रूटों में से एक है, दूसरा हैदराबाद-बैंगलोर कॉरिडोर है। रेलवे ने राज्य सरकार से भूमि अधिग्रहण में देरी से बचने के लिए जल्द से जल्द स्थलों को अंतिम रूप देने को कहा है। मंजूरी मिलने के बाद से ही इस परियोजना पर काम शुरू हो जायेगा। इस परियोजना के निर्माण से लोगों को यात्रा करने में सुविधा मिलेगी। वहीं यात्रा का समय भी कम होगा और आसानी भी होगी।