टीम एबीएन, गया। कोरोना के बढ़ते मामले को लेकर बिहार सरकार की ओर से जारी निर्देश के बाद दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) में अंडर ग्रेजुएट (यूजी) और पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) के विद्यार्थियों की क्लास ऑनलाइन मोड में चलेगी। पीएचडी स्कॉलर की क्लास ऑफलाइन मोड में जारी रहेगी। सीयूएसबी के कुलसचिव कर्नल राजीव कुमार सिंह ने अधिसचूना जारी की है।
अधिसूचना के अनुसार यूजी और पीजी की थ्योरी क्लासेस ऑनलाइन मोड में चलेगी। छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थी भी सिर्फ ऑनलाइन मोड में पढ़ाई करेंगे। छात्रावास प्रशासन द्वारा जारी कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन करना छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों के लिए आवश्यक है। पीएचडी स्कॉलर लैब और अन्य प्रकार की प्रैक्टिकल वर्क जारी की जाने वाले समय के अनुसार ऑफलाइन मोड में होगी। सभी फैकल्टी मेंबर आयेंगे विवि
सीयूएसबी के फैकल्टी मेम्बर की सौ फीसदी उपस्थिति अनिवार्य है। फैकल्टी मेम्बर क्लास रूम अथवा चैम्बर से ही ऑनलाइन मोड में विद्यार्थियों को पढ़ायेंगे। डिपार्टमेंट के हेड सुनिश्चित करेंगे कि सभी क्लास (ऑनलाइन / ऑफलाइन मोड) समय के अनुसार चल रही है। लाइब्रेरी पहले की तरह ही संचालित होगी। सेक्शन ऑफिसर, उनके समकक्ष और उनसे उपर के अधिकारी की सौ फीसदी उपस्थिति अनिवार्य होगी। जबकि सेक्शन ऑफिसर से नीचे के कर्मी की अल्टरनेट डे के हिसाब से पचास फीसदी उपस्थिति होगी। यह व्यवस्था 21 जनवरी तक जारी रहेगी। नि:शक्त और प्रेग्नेंट महिला कर्मी को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा प्रदान की गई है। सभी अनुभाग प्रमुखों/अधिकारियों को अपने विभाग/अनुभाग के अधिकारियों के ड्यूटी रोस्टर को हर वैकल्पिक दिन के आधार पर 21 जनवरी, तक तैयार कर रजिस्ट्रार के कार्यालय में जमा कराने को कहा गया है। सीयूएसबी की सुरक्षा अधिकारी सुनिश्चित करेंगे कि सफाई और सैनिटाइजेशन का काम सही से हो।