टीम एबीएन, रांची। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मौजूदगी में आज 17 जुलाई को स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 का परिणाम घोषित किया गया। साथ ही बेहतर प्रदर्शन करनेवाले शहरों को सम्मानित भी किया गया। इसमें 3-10 लाख तक की आबादी वाले स्वच्छ शहरों में झारखंड के जमशेदपुर जिले को तीसरा स्थान मिला।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पदाधिकारियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं बुंडू को झारखंड के प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर के रूप में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने सम्मानित किया। इस खास मौके पर राज्य सरकार की ओर से नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक सूरज कुमार और जमशेदपुर अधीसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार और बुंडू नगर पंचायत के पदाधिकारियों ने सम्मान प्राप्त किया।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 के कुछ अन्य श्रेणियों में भी झारखंड के विभिन्न शहरों का प्रदर्शन बेहतर रहा है। स्वच्छता के क्षेत्र में जमशेदपुर को पांच सितारा शहरों की सूची में शामिल किया गया है। वहीं देवघर, जुगसलाई और चाकुलिया को वन स्टार रैंकिंग प्राप्त हुआ है। वाटर प्लस शहरों की सूची में भी जमशेदपुर को जगह मिली है। बुंडू, चिरकुंडा, राजमहल, साहिबगंज और देवघर को ओडीएफ ++ (खुले में शौच मुक्त प्लस प्लस) श्रेणी में रखा गया है।
स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 में विभाग और निकायों द्वारा कई महत्वपूर्ण कदम उठाये गये। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 से पहले सभी निकायों में बैठक, कार्यशाला और कैंपेन आयोजित किये गये। समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कार्यक्रम भी चलाये गये। डोर टू डोरकचरा उठाव सुनिश्चित कराया गया। कैरी बैग को बैन किया गया। साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल में कमी लायी गयी। स्वच्छता ऐप के माध्यम से सफाई से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निदान किया गया।