Breaking
ताज़ा समाचार लोड हो रहा है...
देश

कुत्ता भौंकने से बौखलाये लोगों ने मालिक को ही मार दी गोली

कुत्ता भौंकने से बौखलाये लोगों ने मालिक को ही मार दी गोली
विज्ञापन
  • तेरा कुत्ता नहीं दिख रहा, बीच सड़क पूछा... और धायं-धायं! डॉगी की वफादारी मालिक को पड़ी भारी
  • कुत्ते के भौंकने को लेकर ग्वालियर में हुए विवाद में मालिक को गोली मार दी गयी। घायल युवक अस्पताल में भर्ती है। दरअसल, यह मामला भू-माफिया से जुड़े जमीन विवाद का है, जहां युवक के कुत्ते के भौंकने से बौखलाये बदमाशों ने उसे निशाना बनाया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार हैं।
  • ग्वालियर में कुत्ते के भौंकने पर मालिक को गोली मारी गयी
  • घायल सचिन का अस्पताल में इलाज चल रहा है
  • पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया, दो फरार हैं

एबीएन सेंट्रल डेस्क (ग्वालियर)। यहां कुत्ते के भौंकने को लेकर शुरू हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। बदमाशों ने कुत्ते के मालिक को बीच सड़क पर गोली मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से पूरा ग्वालियर थर्रा उठा है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य फरार हैं। दरअसल, यह पूरी घटना ग्वालियर के कंपू थाना क्षेत्र स्थित मांढरे की माता मंदिर के पास की है। 

झुग्गी झोपड़ी निवासी संजय यादव रविवार देर रात करीब 12 बजे अपने भाई सचिन यादव के साथ घर के बाहर टहल रहे थे। तभी रिंकू राजपूत, कपिल राजपूत और रामवरण जाटव वहां आए। आरोपियों ने सचिन और संजय से गाली-गलौज करना शुरू कर दिया और पूछा, तेरा कुत्ता नहीं दिख रहा... जब दोनों भाइयों ने गाली-गलौज का विरोध किया, तो तीनों बदमाशों ने उनकी मारपीट की और अचानक फायरिंग कर दी।

फायरिंग में एक गोली सचिन के पेट में जा लगी, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। आरोपियों को लगा कि सचिन मर गया है और वे मौके से फरार हो गये। घायल सचिन को तुरंत परिजनों ने जयारोग्य अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हालांकि, शुरूआत में यह मामला कुत्ते के भौंकने को लेकर हुए झगड़े का लग रहा था, लेकिन घायल के परिजनों ने पुलिस को जो जानकारी दी है, वह चौंकाने वाली है।

परिजनों ने बताया कि मुख्य आरोपी रामवरण, कपिल और रिंकू वन विभाग की जमीन पर कब्जा कर प्लाटिंग कर रहे हैं। इस अवैध प्लाटिंग की शिकायत क्षेत्रवासियों के साथ-साथ घायल सचिन ने भी वन विभाग, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से की थी। इसी शिकायत और अवैध कब्जे को लेकर बदमाशों और सचिन व क्षेत्रवासियों के बीच लंबे समय से टशन (तनाव) चल रहा था।

कुत्ता भौंकता था, जिससे नाराज बदमाश अक्सर गाली-गलौज करते थे

परिजनों के अनुसार, यह इलाका भू-माफिया का अड्डा है और उनका अक्सर आना-जाना लगा रहता है। जब भी ये भू-माफिया और उनके लोग वहां आते थे, सचिन का कुत्ता उन पर भौंकता था, जिस पर बदमाश अक्सर गाली-गलौज करते थे। एक दिन पहले भी हुआ था झगड़ा, पुलिस में शिकायत भी की गई थी। बताया गया है कि घटना से एक दिन पहले भी जब आरोपी आए थे, तब कुत्ता उन पर भौंका था। उसी समय रामवरण ने अपने साथियों से कहा था कि अब भौंके तो इस कुत्ते को गोली मार देना। इस बात को लेकर भी तब झगड़ा हुआ था और सचिन के परिजनों ने कंपू थाने में शिकायत भी की थी। 

इसके बावजूद, रविवार देर रात बदमाश दोबारा आए और सचिन को गोली मार दी।
पुलिस कार्रवाई में एक गिरफ्तार, दो फरार
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए उनके घरों पर दबिश दी, जिसके बाद एक आरोपी रिंकू को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, मुख्य आरोपी रामवरण और कपिल राजपूत अभी भी फरार हैं। 

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास (आइपीसी धारा 307) का मामला दर्ज कर लिया है और फरार अन्य दो आरोपियों की तलाश में जुट गई है। उरढ ग्वालियर रोबिन जैन ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ कुत्ते के भौंकने का नहीं, बल्कि जमीन के विवाद से जुड़ा हुआ है।

विज्ञापन

abnnews24

सच तो सामने आकर रहेगा

टीम एबीएन न्यूज़ 24 अपने सभी पाठकों और प्रेरणाश्रोतों का अभिनन्दन करता है। आपके सहयोग और विश्वास के लिए धन्यवाद।

विज्ञापन

© 2026 ABN News 24. All Rights Reserved.

कुल पाठक (Total Visitors): 11,752