एबीएन डेस्क। नए साल पर किशोरों को कहर ढा रहे कोरोना का सुरक्षा कवच मिलेगा। साल के पहले दिन से रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो रही है। 15-18 साल के बच्चे कोविन वेबसाइट पर अपॉइंटमेंट ले सकते हैं। तीन जनवरी से बच्चों को वैक्सीन की खुराक मिलनी शुरू हो जाएगी। इसके अलावा 10 जनवरी से स्वास्थ्य कर्मी, फ्रंटलाइन वर्कर, पहले से बीमार चल रहे 60 से ऊपर की उम्र के बुजुर्ग को एहतियात खुराक भी मिलने लगेगी। द्वारका में नवनिर्मित इंदिरा गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल पहली तारीख से शुरू हो रहा है।
राजधानी में करीब 10.80 लाख बच्चों को वैक्सीन मिलने वाली है। इस आयु के बच्चों को कोवाक्सिन उपलब्ध होगी जिसकी दो खुराक 28 दिन के अंतराल में लेनी हैं। विभाग ने एक रिपोर्ट भी तैयार की है कि 31 जनवरी तक दिल्ली में प्रत्येक बच्चे को पहली खुराक मिलने और 28 फरवरी तक बच्चों का टीकाकरण पूरा हो सकता है। साथ ही यह भी बताया है कि दिल्ली के पास इस समय तीन लाख से भी अधिक वैक्सीन भंडारण में मौजूद हैं जिनका इस्तेमाल बच्चों के टीकाकरण में किया जाएगा। बच्चों का टीकाकरण शुरू होने के एक सप्ताह बाद 10 जनवरी से स्वास्थ्य कर्मचारी, फ्रंटलाइन वर्कर और 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों को भी एहतियात खुराक मिलना शुरू हो जाएगी।