एबीएन सेंट्रल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ लोरेंको से भगवान महावीर कैंसर हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर (बीएमसीएचआरसी) के उपाध्यक्ष संदीप कोठारी ने मुलाकात की। बीएमसीएचआरसी के आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को यहां बताया कि श्री मोदी एवं श्री लोरेंको से श्री कोठारी की रविवार को नई दिल्ली में यह भेंट हुई।
इस दौरान वैश्विक स्वास्थ्य चुनौतियों, विशेष रूप से कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों पर चर्चा के साथ ही मेडिकल टूरिज्म पर बात की गयी। श्री कोठारी ने बताया कि इस भेंट से भविष्य में गुणवत्तापूर्ण आन्कोलॉजी सेवाओं की सुलभता बढ़ाने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग के नये द्वार खुलने की संभावना प्रबल हुई है।
उन्होंने बताया कि बीएमसीएचआरसी का सदैव प्रयास रहा है कि वह कैंसर जैसी घातक बीमारियों के विरुद्ध लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाये। उनकी यह भेंट बीएमसीएचआरसी की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान और प्रतिबद्धता को दर्शाती है।